- एंटी रैबिज का टीका लगाने के मामले में हुई कार्रवाई
- डा. रामबीर को बनाया चिकित्सा केंद्र का अधीक्षक
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: सामुदायिक स्वास्थय केंद्र में तीन वृद्ध महिलाओं को कोरोना वैक्सीन के स्थान पर एंटी रैबिज का टीका लगाने के मामले में जांंच के बाद चिकित्सा प्रभारी का स्थानान्तरण कर दिया गया।
विगत गुरुवार को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कोरोना का टीका लगवाने के लिए गई मौहल्ला सरावज्ञान निवासी 70 वर्षीय सरोज पत्नी स्वर्गीय जगदीश, नगर के रेलवे मंडी निवासी 72 वर्षीय अनारकली व 60 वर्षीय सत्यवती के साथ महिलाओं को वहां मौजूद कर्मचारियों ने कोरोना की एंटी वैक्सीन की जगह एंटी रैबीज का टीका लगा दिया था।
महिला सरोज की हालत बिगड़ जाने पर मामले का खुलासा हुआ था। बाद मे तीनों महिलाओं के परिजनों ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करते हुए कार्यवाही की मांग की थी। मामले को लेकर जिलाधिकारी जसजीत कौर से गंभीरता से लेते हुए मामले में शुक्रवार को एसीएमओ व एसडीएम कैराना उद्वभ त्रिपाठी को मामले में जांच के लिए कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा था।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे दोनों अधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कर्मचारियों से बात करने के बाद रेलवे मंडी निवासी दोनों महिला अनारकली तथा सत्यवती को सामुदायिक केन्द्र बुलाया तथा दोनों महिलाओं से बंद कमरे में बयान लिए थे।
बयान लेने के बाद दोनों अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी जसजीत कौर को सौपी थी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी जसजीत कौर ने फार्मेसिस्ट नरेश शर्मा को निलम्बित करने के साथ-साथ जन औषधी केन्द्र के संचालक ताहिर की सेवाएं समाप्त कर उसका औषधि केन्द्र का लाइसेंस निरस्त करने के साथ-साथ चिकित्सा अधीक्षक को सख्त चेतावनी दी गई थी। मामले को लेकर चिकित्सा अधीक्षक बिजेन्द्र सिंह को अधीक्षक पद से हटाकर उनके स्थान पर डा. रामबीर सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त कर दिया गया है।

