- सड़कों पर से बैरिकेडिंग हटते ही बेपटरी हुई ट्रैफिक व्यवस्था
- दिल्ली रोड पर रोडवेज की बसों ने बिगाड़ी व्यवस्था
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कांवड़ के कारण सात दिन तक लोगों को वनवे चलने में जितनी दिक्कत नहीं हुई उससे ज्यादा समस्या कांवड़ खत्म होते ही आने लगी है। बुधवार को सड़कों पर फिर से जाम लगना शुरु हो गया। सबसे ज्यादा समस्या दिल्ली रोड पर देखने को मिली। रेपिड के कारण वैसे ही हालत खराब थी, ऊपर से वाहनों की भीड़ ने जाम का झमेला शुुरु कर दिया।
शिवरात्रि के बाद सुबह सभी सड़कों से बैरिकेडिंग हटा लिये गए थे और ट्रैफिक लाइट चालू कर दी गई थी। बेगमपुल से लेकर परतापुर तक कई चरणों में जाम लगा रहा। रेलवे रोड चौपले पर ट्रैफिक लाइट के कारण कई बार जाम की स्थिति बनी रही। यही हाल मेट्रो प्लाजा से लेकर मंडी तक देखा गया।
ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी भी लोगों को जाम की समस्या से नहीं बचा पाई। सात दिनों बाद ट्रैफिक चालू हुआ था इस कारण टीपी नगर से निकले ट्रकों ने मेवला फाटक से लेकर रिठानी तक जाम की स्थिति बनी रही। कचहरी पुल पर एक सप्ताह में पहली बार जबरदस्त जाम लगा।
इसका असर मेघदूत की पुलिया पर भी देखा गया। कमोबेश यही स्थिति हापुड़ अड्डे पर भी थी। जीरो माइल पर हमेशा लगने वाला जाम आज भी बरकरार रहा। कांवड़ के कारण इस रोड को वनवे कर दिया गया था, लेकिन अब चार पहिया वाहनों के अलावा रोडवेज की बसों की भीड़ परेशानी का सबब बन गई।

