Monday, March 23, 2026
- Advertisement -

सीसीटीवी की निगरानी में कांवड़ यात्रा, नहीं लगेगा बिजली कट

  • कांवड़ियों के लिए मेडिकल की इमरजेंसी सेवाए 24 घंटे स्टैंडबाई पर रहेंगी

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: कांवड़ यात्रा सीसीटीवी की निगरानी में होगी। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर बिजली कट नहीं लगेगा। कांवड़ियों के लिए मेडिकल की इमरजेंसी सेवाए 24 घंटे स्टैंडबाई पर रहेंगी। नहर पटरी समेत यात्रा मार्ग पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की हर एक घंटे समीक्षा की जाएगी। सीओ स्तर के अधिकारी पर इसकी जिम्मेदारी होगी। कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे व आईजी नचिकेता झा ने डीएम दीपक मीणा व एसएसपी डा. विपिन ताडा समेत तमाम अधिकारियों की मौजूदगी में कांवड़ यात्रा तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। गुरुवार को पुलिस लाइन कम्युनिटी हाल में बुलायी गयी समीक्षा बैठक में पुलिस प्रशासन के आलाधिकारियों के अलावा कांवड़ यात्रा को लेकर जितने भी विभाग दायित्व संभाल रहे हैं, उन सभी के अफसर मौजद रहे।

कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों से मधुर व्यवहार बनाने, ट्रैफिक डायवर्जन सख्ती से लागू किए जाने के अलावा डीजे, कैम्प आयोजकों, ट्रांसपोर्टरों, टोल संचालकों, मंदिर कमेटी, विद्युत अफसरों से समन्वय पर जोर दिया। साथ ही एक-दूसरे से सम्पर्क में रहकर अंतरजनपदीय समन्वय पर जोर दिया। यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे, विद्युत व्यवस्था, मेडिकल कैम्प, सुगम यातायात के निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व पुलिस अधीक्षक अपराध एवं अपर जिलाधिकारी नगर, समस्त क्षेत्राधिकारी जनपद व प्रशासनिक अधिकारीगण के साथ कांवड़ यात्रा व शिवरात्रि की तैयारी के संबंध में पुलिस लाइन स्थित सभागार में ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। उक्त ब्रीफिंग में जनपद के समस्त सुपर जोनल अधिकारी, समस्त जोनल पुलिस अधिकारी, समस्त सेक्टर पुलिस अधिकारी तथा समस्त थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।

18 साल का युवा ला रहा 201 लीटर गंगाजल

दौराला: वलीदपुर गांव निवासी 18 वर्षीय युवा आकाश की यह दूसरी कांवड़ है। पिछली बार आकाश 101 लीटर गंगाजल लेकर आया था। इस पर अपनी श्रद्धा से आकाश ने हरिद्वार से 201 लीटर गंगाजल उठाया है। गंगाजल समेत लगभग 251 किलो वजन की कांवड़ लेकर आकाश मंजिल को ओर बढ़ रहा है। गुरुवार को आकाश खतौली थाना क्षेत्र के मंसूरपुर पहुंचा और शुक्रवार को मेरठ जिले की सीमा में पहुंचेगा। वलीदपुर गांव निवासी गजराज सैनी ने बताया कि उसके बेटे की उम्र 18 वर्ष 15 दिन है। बताया कि बेटे की भगवान आशुतोष में आस्था है। वह दूसरी बार हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहा है।

बताया कि गंगा स्नान के बाद उसने 201 लीटर गंगाजल उठाया। आकाश के पिता ने बताया कि बेटे से फोन पर बात हुई थी। उसने बताया कि वह कलश में 201 लीटर गंगाजल लेकर प्रतिदिन लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय करता है। उसके साथ कोई नहीं है, वह अकेले ही अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा है। युवा आकाश के जोश, आस्था को देखने वाले उसकी सराहना कर रहे है। हरिद्वार से लेकर मंसूरपुर तक कई जगह उसकी कांवड़ को सम्मानित किया गया। बताया कि आकाश गंगाजल लेकर दौराला-मटौर स्थित प्राचीन झारखंडेश्वर महादेव मंदिर पर पहुंचेगा और भगवान आशुतोष का शिवरात्रि के दिन जलाभिषेक करेगा। पिता गजराज सैनी ने बताया कि बेटे ने 10वीं तक की पढ़ाई की है। इसके बाद पढ़ाई में मन न लगने पर उसने पढ़ाई छोड़ दी।

दो माह की बेटी के साथ कांवड़ ला रहा दिल्ली का दंपति

कंकरखेड़ा: दिल्ली के दंपति ने बच्चा पैदा होने पर हरिद्वार से पैदल कांवड़ लाने की मन्नत मांगी थी। दो माह पहले दंपति के घर एक बेटी का जन्म हुआ। दंपति बेटी को लेकर हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे हैं। दिल्ली के भोपुरा गांव निवासी सागर में बताया कि वह भजन कीर्तन का काम करता है। उसकी शादी दो साल पूर्व काजल से हुई थी। पत्नी काजल गृहिणी है। सागर ने बताया कि उन्होंने गांव में स्थित भगवान शिव के मंदिर में बच्चा होने पर हरिद्वार जाने की मन्नत मांगी थी। दो महीने पूर्व दंपति के घर एक बेटी ने जन्म लिया। जिसका नाम उन्होंने मां पार्वती के रूप के नाम पर मीनाक्षी रखा। बेटी के जन्म होने पर दंपति में खुशी का माहौल पैदा हो गया। 20 जुलाई को दंपति हरिद्वार से कांवड़ लेकर दिल्ली के लिए चला था। दंपति ने हरिद्वार में बेटी को गंगा में स्नान कराया। वहीं, भगवान शिव को धन्यवाद दिया।

मां के स्वास्थ्य के लिए उठाई 101 लीटर गंगाजल की कांवड़

मेरठ: मां के स्वास्थ्य लाभ की कामने के लिए उसके एक लाडले गंगा माइया के आंचल से 101 लीटर पवित्र जल लेकर कांवड़ उठाई। उस मां के दो अन्य लाडलों ने भी 60-60 लीटर गंगा जल लेकर भगवान शिव के मंदिर की ओर कदम बढ़ाए। हरिद्वार, ऋषिकेश, नीलकंठ, गंगोत्री और गोमुख से पवित्र गंगा जल लाने वाले कांवड़ियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। मोदीपुरम बाइपास पर भोलों की एक टोली ऐसी मिली, जिसमें तीन सगे भाई बीमार मां के स्वास्थ्य लाभ के लिए हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर आ रहे हैं।

मोदीनगर निवासी नीरज 101 लीटर पवित्र गंगा जल लेकर कांवड़ उठा रहा है। नीरज ने बताया कि उनकी मां बीमार हैं, उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए उन्होंने 101 लीटर पवित्र गंगा जल की कांवड़ उठाने की मन्नत मांगी। जब उसने अपने दो भाई रूपेश व आशीष को इस बारे में बताया तो वे भी 60-60 लीटर पवित्र गंगा जल की कांवड़ उठाने को तैयार हो गए। उन्होंने ने भी मन्नत मांग ली। उनका दोस्त सूरज भी 61 लीटर पवित्र गंगा जल लेकर बिना किसी मन्नत के कांवड़ ला रहा है। उधर गाजियाबाद निवासी अनुज, कुलदीप और वंश केनों में 41-41 लीटर पवित्र गंगा जल दोस्त विशाल से दोस्ती का फर्ज निभा रहे हैं। तीनों का कहना है कि विशाल की मां अस्पताल में भर्ती हैं। वह गंभीर रूप से बीमार हैं।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

सुरक्षित उत्पाद उपभोक्ता का अधिकार

सुभाष बुडनवाला उपभोक्ता जब भी कोई वस्तु या सेवा खरीदें,...

UP: केसी त्यागी का रालोद में स्वागत, पश्चिमी यूपी की राजनीति में आ सकते हैं नए मोड़

जनवाणी ब्यूरो | यूपी: वरिष्ठ राजनेता किशन चंद (केसी) त्यागी...

कौन चला रहा है दुनिया?

प्रेरणा इतिहास में कभी-कभी कुछ ऐसा घटता है कि दुनिया...

Dhurandhar 2: अनुपम खेर ने ‘धुरंधर 2’ विवाद पर जताई नाराजगी, कहा- ‘ऐसे लोगों को शर्म आनी चाहिए’

नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत...
spot_imgspot_img