पहली करवाचौथ को लेकर उत्साहित दिख रही है महिलाएं
बाजार में खरीदारी के लिए दिखने लगी है भीड़
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सिंदूर से चमकती मांग, माथे पर दमकती बिंदिया, हाथों में सुहाग का चूड़ा, पैरों में महावर और बिछिया, हाथों में रची मेहंदी। पूरे सोलह श्रृंगार कर आसमान में टकटकी लगाए जांच निकलने का बेसब्री से इंतजार करती लाल सुर्ख जोड़े में दुल्हन। यह सब प्रतीक है, आस्था और प्रेम के पर्व करवाचौथ का।
यही तो वह पर्व है जब महिलाएं पति की दीर्घायु और मंगलकामना के लिए निर्जला व्रत रखकर अपने प्रेम,समर्पण और त्याग का परिचय देती है। उसके इस प्रेम पर्व का सबसे बड़ा साक्षी चांद होता हैं, जिसे देखने के बाद सुहागिन पति के हाथों से जल पीकर अपने व्रत को खोलती है।
सौभाग्य का सूचक करवाचौथ सुहागिनों के लिए बेहद खास होता है। हर किसी की मीठी याद इस पर्व से जुड़ी होती है। वहीं, जब जिक्र हो करवाचौथ का तो पहले करवाचौथ की बात ही कुछ अलग होती है। महिलाएं पहले करवाचौथ और उससे जुड़ी यादों को हमेशा सजोकर रखती है। 4 नवंबर को करवाचौथ का पर्व मनाया जाएगा। इसको लेकर महिलाएं कुछ बातें यूं बया कर रही है।
एक्साइटेड हूं पहले व्रत को लेकर

सदर निवासी पंखुरी की शादी प्रखर के साथ फरवरी में हुई है। इसबार उनका पहला करवाचौथ है। जिसे लेकर पंखुरी काफी उत्साहित है। वह बताते ही है कि मम्मी को बचपन से करवा पूजते हुए देखा है। वहीं फिल्मों में भी करवाचौथ काफी धूमधाम से मनाया जाता है। अब पहली बार मुझे भी मौका मिल रहा है। इस खूबसूरत दिन को यादगार बनाने का। इसबार मैं अपने घर पर ही इस त्योहार हो मनाऊंगी।
सोलह श्रृंगार करुंगी

सदर निवासी रीति की शादी वरुण के साथ नवंबर माह में हुई थी। रीतिका पहली करवाचौथ को लेकर काफी उत्साहित है। जिससे लेकर खरीदारी चल रही है। स्पेशल दिखने के लिए डिजाइन ड्रेस भी तैयार कराई है और उसी के मैचिंग की चूड़िया आदि भी खरीदी है। सोलह श्रृंगार कर अपने पति की लंबी उम्र की कामना करुंगी।
फिर से बनना है दुल्हन

जेल चुंगी निवासी आरती का कहना है कि शादी को तो 4 साल हो चुकी हैं,लेकिन मेरी ससुराल में आन पड़ने की वजह से अभी तक यह त्योहार नहीं होता था,लेकिन अब आन खुल गई है। इसलिए मैं भी पहली बार अपने पति पंकज के लिए यह व्रत रखुंगी। जिसकों लेकर काफी उत्साहित हूं। करवाचौथ के लिए खरीदारी कर ली हैं,लेकिन एकबार फिर से दुल्हन की तरह तैयारी होना है और पति की लंबी उम्र की कामना करनी है।
करवाचौथ के लिए जमकर चल रही है खरीदारी

न्यू मोहनपुरी निवासी राशि की शादी फरवरी माह में हुई थी। इस बार उनका पहला करवाचौथ है। जिसकों लेकर राशि के पति देवांश ने उनको जमकर खरीदारी कराई है। राशि भी इस व्रत को लेकर काफी उत्साहित है। उनका कहना है कि पहली करवाचौथ है। इसलिए दुल्हन की तरह सोलह श्रृंगार कर तैयार होना है।

