- पति ने नाराज होकर वृंदावन जाने के लिए घर से निकली महिला को किया भरतपुर से बरामद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पति से नाराज होकर घर छोड़ने की इतनी बड़ी कीमत चुकानी पडेÞगी खरखौदा थाना क्षेत्र की एक गांव निवासी महिला ने शायद कभी सोचा भी नहीं होगा। उसको होटल में बंधक बनाकर रखा गया। फिर बेच दिया गया। जो महिला पर बीती किसी पर ना बीते। हालांकि खरखौदा पुलिस ने उसको राजस्थान के भरतपुर से बरामद कर लिया। महिला को एक व्यक्ति ने अपने जाल में फंसा लिया। पहले उसके गहने बेचे और बाद में महिला को भी 20 हजार रुपये में बेच डाला। खरखौदा पुलिस ने महिला को राजस्थान से बरामद किया। महिला ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला गत 21 सितंबर को पति से नाराज होकर वृंदावन के लिए निकली थी। वृंदावन में राजस्थान के जिला भरतपुर निवासी कुंवरपाल पुत्र रामौली से उसकी मुलाकात हुई। कुंवरपाल ने महिला को झांसे में ले लिया। उसे उसके घर छोड़ने की बात कहते हुए गाड़ी में बैठाकर आगरा ले गया। वहां उसने छह दिन तक महिला को एक होटल में रखा और उसके सोने के जेवर भी बेच दिए। महिला ने मौका पाकर कुंवरपाल के मोबाइल से अपने परिजनों को फोन किया। कुंवरपाल को जब इसका पता चला तो उसने महिला के परिजनों से कहा कि कैश दो, नहीं तो इसे नहीं छोड़ूंगा।
परिजनों ने थाना पुलिस से शिकायत की। खरखौदा पुलिस में जांच शुरू की और आरोपी के पीछे लग गई। पुलिस ने महिला को राजस्थान से बरामद कर लिया। उसने बताया कि कुंवरपाल ने उसे भरतपुर जिले के थाना सदर बयाना क्षेत्र के गांव बमोरी निवासी बदन सिंह पुत्र मंगती सिंह को 20 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस महिला को वापस खरखौदा ले आई। यहां महिला ने आपबीती बताते हुए खरखौदा थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई।
नाबालिग को संप्रदाय विशेष के दो युवकों ने घर में खींचा
कंकरखेड़ा: हाइवे स्थित एक गांव में संप्रदाय विशेष के युवकों ने नाबालिग को घर में खींच लिया। थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित एक गांव निवासी युवक ने रविवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी दोपहर के समय ताई के घर पर जा रही थी। इसी बीच सांप्रदायिक विशेष के दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। जिसके बाद दोनों आरोपी पीड़ित किशोरी को खींचकर घर में ले गए। जहां आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े।
जिसके बाद किशोरी किसी तरह आरोपी के चुंगल से छोड़कर बाहर भागी। किशोरी ने घर पर परिजनों को मामले से अवगत कराया। मामले की जानकारी के बाद परिजनों के होश उड़ गए। परिजन आरोपी युवक के घर पहुंचे। परिजनों ने फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस एक आरोपी को लेकर थाने आ गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है की तहरीर मिल गई है। एक आरोपी हिरासत में है। पूछताछ के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मुल्हैड़ा में चेकिंग करने गई विद्युत टीम को दौड़ाया
सरधना: क्षेत्र के एक गांव में बिजली चेकिंग करने गई टीम के साथ आरोपियों ने गाली-गलौज कर दी। इतना ही नहीं उनके अभिलेख फाड़ दिए गए हैं। आरोपियों ने टीम को दौड़ा लिया। कोतवाली क्षेत्र के छुर गांव स्थित बिजलीघर पर सरदार सिंह जेई है। दो दिन पूर्व वह मुल्हैड़ा गांव में बिजली चोरी की चेकिंग करने टीम के साथ गए थे। टीम ने गांव में रामपाल पुत्र हरप्रसाद के मकान में बिजली चोरी होते पकड़ ली। आरोप है कि उपभोक्ता ने मीटर से पहले केबल में कट लगाकर तार जोड़ रखा था। यानी सीधे तौर पर बिजली चोरी की जा रही थी।
टीम ने बिजली चोरी की वीडियो बनाते हुए कागजी कार्रवाई शुरू कर दी। जेई के अनुसार तभी एक व्यक्ति अपने लोगों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि उन्होंने विद्युत टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने सरकारी अभिलेख फाड़ दिए और मारपीट पर उतारू हो गए। अरोपियों ने विद्युत टीम को दौड़ा लिया। टीम ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद जेई ने कोतवाली पहुंच कर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी उत्तम पुत्र रामपाल व 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

