नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किसानों के अधिकारों के लिये हमेशा आगे रहने वाले नेता के रूप में उनकी प्रशंसा की।
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “देश की समृद्धि का रास्ता हमारे गांवों के खेतों और खलिहानों से होकर गुजरता है” – चौधरी चरण सिंह
खरगे ने किसान दिवस पर सभी किसान भाइयों-बहनों और खेत मजदूरों को बधाई दी तथा कहा, “किसान स्वयं भारत हैं, राष्ट्र का गौरव, देश की पहचान।”
खरगे ने हालांकि मोदी सरकार पर कथित किसान-विरोधी नीतियों के लिए भी हमला बोला और कहा, “पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने अपनी हठधर्मिता और किसान-विरोधी नीतियों के कारण करोड़ों किसानों के साथ अन्याय किया है तथा झूठे वादे करके उन्हें केवल धोखा दिया है।”
श्री खरगे ने कहा, “किसानों को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी है और कांग्रेस पार्टी उनके अधिकारों तथा कल्याण के लिए लगातार लड़ती रहेगी। यह हमारा संकल्प है।” चौधरी चरण सिंह किसानों के अधिकारों के प्रबल समर्थक थे और 1979 से 1980 तक प्रधानमंत्री रहते हुए भारत की कृषि नीतियों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

