- चुनाव आयोग के निर्देश पर यहां मतदान कराया गया
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: दंगे के मामले में सुनवाई के दौरान भाजपा विधायक रहे विक्रम सैनी को अदालत ने तीन साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। चुनाव आयोग के निर्देश पर यहां मतदान कराया गया। भाजपा ने राजकुमारी सैनी को मैदान में उतारा था। गठबंधन ने मदन भैया को चुनाव लड़ाया। दोनों के बीच यह मुकाबला सिमट गया है।
हालांकि यहां कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। बसपा की इस चुनाव से गैरमौजूदगी का लाभ किसे मिलेगा, यह अभी कहा नहीं जा सकता। मगर यें फेक्टर काफी मजबूत रहेगा। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर यहां मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गई। विपक्ष ने जिला प्रशासन पर सत्ता पक्ष का एजेंट बनकर काम करने का आरोप लगाया, तो वहीं भाजपा ने भी कुछ शिकायतें चुनाव आयोग पर भेजी। हालांकि, भाजपा की शिकायतें भी जांच में खारिज कर दी गई है।
दो घंटे के अंतराल में यह रहा मतदान प्रतिशत
खतौली विधानसभा उपचुनाव के लिए जब सुबह सात मतदान शुरू हुआ, तो मतदाता कम संख्या में मतदान स्थल पहुंच रहे थे। सुबह नो बजे तक 6.5 प्रतिशत मतदान हुआ था। दो घंटे बाद 11 बजे तक यह मतदान प्रतिशत बढ़कर 20.70 प्रतिशत पहुंच गया था, जबकि दोपहर 1.00 बजे तक यह मतदान प्रतिशत 30 प्रतिशत हो गया था। दो घंटे बाद 3.00 बजे चालीस प्रतिशत तथा पांच बजे तक 54 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान समाप्ति के समय छह बजे तक यह मतदान प्रतिशत 56.46 प्रतिशत तक पहुंच गया था।

