- एक दर्जन से ज्यादा दबंग भूमाफिया पर जमीन कब्जाने का आरोप
- पूर्व में की शिकायत लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नही
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: नूरपुर के गांव पुरेना अब्दुल रहमानपुर की निवासी कमलेश देवी ने डीएम से शिकायत कर एक दर्जन से ज्यादा दबंग भूमाफिया पर उसकी जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने डीएम से कार्यवाही की गुहार लगाई।
पीड़ित कमलेश देवी पत्नी चंद्रवीर सिंह निवासी ग्राम पुरैना अब्दुल रहमानपुर नूरपुर ने डीएम रमाकांत पाण्डेय से बताया कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। मृत्यु के बाद विरासतन उनकी जमीन माता सुमित्रा के नाम आ गई थी जिसके बाद माता ने भूमि को बैनामा पुत्री कमलेश देवी के नाम कर दिया।
आरोप है कि एक दर्जन से ज्यादा भूमाफिया ने हमसाज होकर उसकी भूमि का फर्जी बैनामा करा लिया। आरोपी भूमि कब्जाने की फिराक में है। पीड़िता ने पहले भी एसपी से शिकायत की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नही हुई। पीड़िता ने भूमाफियाओं के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है।

