- राजीव सबरवाल पहुंचे सहारनपुर, कानून-व्यवस्था की समीक्षा की
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: एडीजी मेरठ जोन राजीव सबरवाल ने सहारनपुर का दौरा किया। इस मौके पर अपर पुलिस महानिदेशक ने जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ राजीव सबरवाल शनिवार की देर शाम सहारनपुर पहुंचे।
एडीजी राजीव सभरवाल ने सहारनपुर की पुलिस लाइन का निरीक्षण करने के बाद सभागार में जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध एवं कानून व्यवस्था को लेकर बैठक की। इस मौके पर एडीजी ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने कोविड 19 गाइडलाइन का पालन कराने और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए।
एडीजी ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसा जाए।भूमाफिया पर कार्रवाई हो।संदिग्ध लोगों की लगातार तलाश की जाए। कानून व्यवस्था का उलंघन करने वालों को किसी सूरत बख्शा नहीं जाए। थानों में विवेचनाएं लंबित न हों। किसी भी फरियादी के साथ अच्छा सुलूक किया जाए। इस दौरान डीआईजी सहारनपुर उपेंद्र अग्रवाल, एसएसपी डॉ एस चन्नप्पा, एसपी सिटी विनीत भटनागर, एसपी देहात अशोक कुमार मीणा,एसपी क्राइम सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

