नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों को आज गुरूवार को अंतिम सलामी दी गई। सीएम भूपेश बघेल ने भी श्हीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सीएम श्हीद जवानों के परिजनों से भी मिले। शहीद जवानों के पार्थिव शरीरों को उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किए गए।
मुख्यमंत्री बघेल ने पुलिस लाइन में शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवदेनाएं प्रकट कीं। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। जवानों को श्रद्धांजलि देने पीसीसी चीफ मोहन मरकाम, बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, दंतेवाड़ा विधायक, देवती कर्मा समेत दंतेवाड़ा कलेक्टर, आईजी, एसपी से लेकर तमाम पदाधिकारी पहुंचे हैं। वहीं दूसरी ओर पुलिस की ओर से हमले का वीडियो जारी किया गया है। इसमें जवानों की गाड़ी को ब्लास्ट से उड़ते और नक्सलियों के मूवमेंट को दिखाया गया है।
ये जवान हुए शहीद
हेड कॉन्सटेबल जोगा सोढी, मुन्ना राम कड़ती, संतोष तामो, नव आरक्षक दुल्गो मण्डावी, लखमू मरकाम, जोगा कवासी, हरिराम मण्डावी, गोपनीय सैनिक राजू राम करटम, जयराम पोड़ियाम और जगदीश कवासी शहीद हुए हैं। इनके साथ ही प्राइवेट वाहन के चालक धनीराम यादव की भी मौत हो गई है।
बता दें कि माओवादी कैडर की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी जवानों को रवाना किया गया था। इसके बाद सभी जवान बुधवार दोपहर वहां से लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने अरनपुर मार्ग पर पालनार में ब्लास्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि जवान एक प्राइवेट वाहन से निकले थे। हमले में एक नागरिक की भी मौत हुई हैै। वारदात की पुष्टि आईजी सुंदरराज पी. ने की है।