- निष्पक्ष जांच को लेकर ग्राम प्रधान एडीजी से मिले
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: वरिष्ठ अधिवक्ता ओमकार तोमर के सुसाइड प्रकरण में विधायक दिनेश खटीक को नामजद करने को लेकर ग्राम प्रधान संगठन ने अपर पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्राम प्रधान बाद में डीएम आफिस में प्रदर्शन कर एसीएम सिविल लाइन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ता ओमकार तोमर के सुसाइड करने के मामले में गंगानगर थाने में हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक समेत 13 लोगो को नामजद किया गया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिशें डाल रही है। बुधवार को काफी संख्या में ग्राम प्रधान एडीजी राजीव सभरवाल से मिले और कहा सुसाइड मामले में पुलिस बेगुनाह लोगों को न पकड़े और निष्पक्ष जांच करे।

जिस वक्त ग्राम प्रधान बात कर रहे थे एसएसपी अजय साहनी भी बैठे हुए थे। बाद में प्रधान कलेक्ट्रेट आये और डीएम आफिस में प्रदर्शन करने लगे। ग्राम प्रधानों ने विधायक की नामजदगी को गलत ठहराते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो। बाद में प्रधानों ने एसीएम सिविल लाइन को ज्ञापन सौंपा।

