- घर के बाहर से बाइक सवार युवक उठा ले गए थे
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: क्षेत्र के गांव सोंता रसूलपुर में घर के बाहर खेल रहे लेखपाल के आठ साल के बेटे का अपहरण कर लिया गया। बाद में बच्चे से परिवार की जानकारी के बाद आरोपी बाइक सवार उसे गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गए।
थानाभवन थाना क्षेत्र के ग्राम सोंता रसूलपुर निवासी लेखपाल दिलशाद अली ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि सोमवार की शाम को उसका आठ वर्षीय पुत्र जैद घर के बाहर खेल रहा था।
तो बाइक सवार दो अज्ञात युवक जबरन उसके पुत्र को बाइक पर उठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गए थे। उन्होंने बच्चे से परिवार के सदस्यों का नाम, पता व फोन नंबर की जानकारी की।
बाद में आरोपी उनके बेटो को कई घंटे बाद गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गए। बच्चा डरा सहमा घर पहुंचा और परिजनों को पूरा घटनाक्रम बताया।
बच्चे के अपहरण की घटना से पूरे परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष सचिन पूनिया ने बताया कि पूरे मामले की जांच चौकी इंचार्ज उपेंद्र कुमार को दे दी गयी है। वह परिजनों के साथ मिलकर पूरे घटनाक्रम की जांच कर आगे की विधिवत कार्रवाई करेंगे।

