जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने एक बड़े साइबर क्राइम गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है, जिसमें 36 एटीएम कार्ड, 27 बैंक पासबुक, 16 सिम कार्ड, तीन चेक बुक, 10 मोबाइल फोन और 50 हजार रुपये की नगदी शामिल है।
ये हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वकार (निवासी लखीपुर), शाहरुख (करीमनगर), मोनू और समीर (लोहिया नगर) के रूप में हुई है। वहीं, गिरोह का सरगना अलाउद्दीन अभी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में सक्रिय था। ये लोग ऑनलाइन गेमिंग का लालच देकर लोगों से बैंक खातों में रुपये जमा करवाते थे। इसके बाद संबंधित खातों को जानबूझकर फ्रिज करवा दिया जाता था, जिससे जांच की प्रक्रिया शुरू हो। फिर बैंक कर्मचारियों से मिलीभगत कर खातों से मोटी रकम निकाल ली जाती थी।
एसपी सिटी क्या कहते हैं?
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि गिरोह लंबे समय से इस धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था और कई भोले-भाले लोगों को इसका शिकार बनाया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही फरार सरगना को भी पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस इस मामले में साइबर सेल की मदद से आगे की जांच कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों के गिरोहों से भी जुड़े हो सकते हैं।

