जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने शनिवार को पपनामऊ चिनहट एवं कान्हा उपवन नादरगंज गौशाला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों गौशालाओं में गायों की देख-भाल के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा भूसे, हरे चारे एवं औषधियों की उपब्धता भी देखी। निर्देश दिये कि गोवंश की सुरक्षा एवं संवर्धन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यह भी कहा कि लंपी रोग के प्रति पूरी सजगता बरती जाए और अन्य गौपालकों को भी इसके बारे में जागरूक किया जाये।
पशुधन मंत्री ने कान्हा उपवन नादरगंज गौशाला की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस गौशाला में गोबर से विभिन्न उत्पाद बनाये जा रहे है। सभी गौशाला संचालकों को यहां से सीख लेनी चाहिए और अपनी-अपनी गौशालाओं में भी गाय के गोबर से उत्पाद तैयार कराने चाहिए। उन्होंने अस्थाई गो आश्रय स्थल पपनामऊ में गोबर गैस एवं वर्मी कम्पोस्ट बनाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गायें भूखी न रहे और इधर-उधर न भटके इसके लिए गौशालाओं का निर्माण कराया गया है। गौशाला में कार्यरत कर्मी गायों के आहार एवं उनकी सुरक्षा पर पूरा ध्यान दें। गायों की देख-भाल में किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी लखनऊ डा एके वर्मा, पशु चिकित्सा अधिकारी, सरोजनी नगर अशोक कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी चिनहट डा. उपकान्त जायसवाल सहित गौशालाओं के संचालक उपस्थित थे।

