लखनऊ ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, अलीगंज, लखनऊ ने सत्र 2024-25 (एक वर्षीय) और सत्र 2024-26 (दो वर्षीय) के द्वितीय चरण और प्रथम चरण के आवंटन के पश्चात उच्चीकरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है। द्वितीय चरण के प्रवेश की तिथियां 23 अगस्त 2024 से 28 अगस्त 2024 तक निर्धारित की गई हैं, जिसमें छुट्टियां भी शामिल हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से आग्रह किया गया है कि वे समय पर अपने दस्तावेजों के साथ चयनित संस्थान में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया को पूर्ण करें।
विशेष सचिव व अधिशासी निदेशक व्यावसायिक शिक्षा कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग अभिषेक सिंह ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को उनके चयन की जानकारी एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जा रही है। जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं हुआ है, उनकी रैंक की जानकारी भी वेबसाइट पर प्रदर्शित होगी, और उन्हें अगले प्रवेश चरण की प्रतीक्षा करनी होगी। प्रवेश के लिए चयनित अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र के साथ अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों, अंक पत्रों की प्रमाणित प्रतियां और दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर संबंधित संस्थान के प्रधानाचार्य से सम्पर्क करना होगा। संस्थान में चयन लिस्ट से जांच करवाने के बाद ही प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अभ्यर्थी अपने चयन परिणाम http://www.scvtup.in या http://www.upvesd.gov.in/dte वेबसाइट पर देख सकते हैं। अगर अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी की आवश्यकता हो, तो वे अपने नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा तकनीकी हेल्पलाइन नंबर 0522-4150500, +91 7897992063 और अन्य जानकारी के लिए 0522-2336115, +91 9628372929 पर संपर्क किया जा सकता है।

