जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: ग्रामीणों की मांग पर कई गांवों को जोड़ने वाले महलका-बिसोला बाईपास के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत हुई इस सड़क के निर्माण हेतु अफसरों ने अपने मातहतों के साथ मौका मुआयना किया।क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
गड़ीना के पूर्व प्रधान संजीव ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त सड़क निर्माण हेतु वर्षों से गड़ीना, चरला, कुंडा, पिनाई महलका, चिंदोडी आदि गांवों के ग्रामीणों द्वारा लगातार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मांग उठाई जा रही थी। प्रधान संजीव ने बताया कि उनके अथक प्रयासों से चकबंदी के दौरान महलका पुलिस चौकी से गडीना, कुंडा, पिनाई बिसोला बाईपास बनवाने के लिए चकबंदी के दौरान जगह निकलवाई गई थी। प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत 4 करोड़ की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है।

निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए ग्रामीण सेवा अभियंत्रण के सीनियर जेई नवेद खान, आर्किटेक्ट इंजीनियर दिनेश एवं मांगेराम तथा विभाग के अन्य लोगों ने दौरा करके स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके सर्वे और पैमाइश की कार्यवाही शुरु करा दी।
प्रधान संजीव ने बताया कि यह सड़क महलका से मवाना खुर्द पुलिस चौकी के समीप मेरठ-बिजनौर हाईवे से जुड़ेगी। क्षेत्रवासियों ने मौके पर आकर खुशी का इजहार किया तथा अफसरों व ग्रामीणों को मिठाई खिलाई। इस अवसर पर संजीव प्रधान, कमरपाल फौजी, मोहित प्रधान, अनुज भाटी, प्रदीप चंदोडी आदि कई गांव के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

