जनवाणी ब्यूरो |
राजस्थान: राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहरथाना ब्लॉक स्थित पीपलोदी गांव के एक सरकारी स्कूल की छत गिरने से शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 5 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक बच्चे घायल हो गए हैं। घायलों में से 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ग्रामीणों और शिक्षकों की मदद से बचाए गए बच्चे
हादसे के बाद स्कूल में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और शिक्षकों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। मनोहरथाना अस्पताल के डॉ. कौशल लोढ़ा ने बताया कि 35 घायल बच्चों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से कई को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।
शिक्षा मंत्री बोले–इलाज का खर्च उठाएगी सरकार
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि “सभी घायलों का इलाज सरकार के खर्च पर किया जाएगा। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जताया शोक
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया “झालावाड़ के मनोहरथाना में सरकारी स्कूल की इमारत गिरने से कई बच्चों एवं शिक्षकों के हताहत होने की सूचना दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि जनहानि कम हो और घायल जल्द स्वस्थ हों।”
पहले से जर्जर थी स्कूल बिल्डिंग
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल की इमारत काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी। बारिश के दौरान पानी टपकने की शिकायतें कई बार की गई थीं, लेकिन प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। इस लापरवाही ने आज पांच मासूमों की जान ले ली।
फिर उठे सवाल सरकारी स्कूलों की स्थिति पर
यह हादसा एक बार फिर सरकारी स्कूलों की जर्जर हालत और लापरवाह प्रशासन पर सवाल खड़े करता है। प्रदेश में पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुधार के ठोस कदम नहीं उठाए गए।

