जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बिहार के सीवान जिले के तरवारा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। देवघर से जल चढ़ाकर लौट रहे कांवड़ियों से भरी पिकअप गाड़ी गंडक पुल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में लगभग 30 से 35 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें सात की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
देवघर से लौटते वक्त पलटी गाड़ी
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु सावन के अवसर पर झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम पर जल चढ़ाकर उत्तर प्रदेश के देवरिया लौट रहे थे। तभी सीवान जिले के तरवारा थाना क्षेत्र में गंडक पुल के पास पिकअप वाहन का स्टेरिंग फेल हो गया, जिससे वाहन पलट गया। हादसे के समय पिकअप में काफी संख्या में कांवड़िए सवार थे।
घायलों की स्थिति और इलाज
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कई की हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना स्थित पीएमसीएच रेफर करने की तैयारी की जा रही है। घायलों में देवरिया जिले के विभिन्न गांवों के लोग शामिल हैं। एक व्यक्ति, जो बड़हरिया का रहने वाला है, पिकअप के नीचे दब गया था। उसकी हालत भी बेहद नाजुक बनी हुई है।
अन्य लोग भी आए चपेट में
इस हादसे में पिकअप वाहन ने दो अन्य लोगों को भी चपेट में ले लिया। इनमें से एक व्यक्ति जो पास में चाय पी रहा था और एक बाइक सवार, दोनों घायल हो गए हैं।
थाना प्रभारी का बयान
घटना की पुष्टि करते हुए जीबी नगर तरवारा थाना प्रभारी रितेश मंडल ने बताया कि शुरुआती जांच में संभावना जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद आ गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, अभी जांच जारी है। गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

