- कैराना ब्लॉक पर विकास कार्यों की समीक्षा की
जनवाणी ब्यूरो |
कैराना: मुख्य विकास अधिकारी ने ब्लॉक कार्यालय पर विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शनिवार को कैराना खंड विकास कार्यालय पर सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर संचारी रोग नियंत्रण अक्टूबर माह से चलाया जाएगा। सीडीओ ने कहा कि खेतों पर फसलों के अवशेष व पराली किसी भी हालत में न जलाई जाएं।
सीडीओ ने ग्राम प्रधानों को इसके लिए जागरूकता फैलाने के निर्देश देते हुए कहा कि अगर कोई किसान चोरी-छिपे पराली जलाएगा तो वह सेटेलाइट से पकड़ में आ जाएगा। उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने पिछले दिनों ग्राम प्रधानों और आशाओं द्वारा अपने ज्वाइंट खाते से कोरोना किट खरीदने पर प्रशंसा की। उन्होंने राष्ट्रीय पोषण माह रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि कुपोषित तथा अति कुपोषित बच्चों की पहचान कराई जाए।
बच्चों का वजन कराने के लिए ग्राम प्रधान व आशा अपने ज्वाइट खाते के रुपयों से वजन कराने के लिए मशीन खरीदें। उन्होंने कहा कि गांव में सरकारी हैडपंपो पर समर्सिबल न लगाया जाएं। ग्राम प्रधानों एवं सचिवों को राजस्व वसूली बढ़ाने में सहयोग देने की अपील करते हुए स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालयों का निर्माण समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी ग्राम पंचायत बिना सामुदायिक शौचालय के न बचे।
भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को फार्म आनलाईन भरवा कर न्याय पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाया जाएं।
इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक डा. अनिल कुमार, खंड विकास अधिकारी गोपाल कृष्ण चौधरी आदि मौजूद रहे।

