- मंडी परिसर में बैरिकैटिंग का कार्य प्रारंभ
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर एसडीएम परमानन्द झा ने कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में स्थित खाद्यान्न आढ़तियों की दुकानों को अपने सामने खाली करा कर उन्हें अन्यत्र शिफ्ट कराए जाने की कवायद शुरू कर दी गयी है।
शनिवार को एसडीएम परमानंद झा कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर पहुंचे।एसडीएम ने कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में खाद्यान्न आढ़तियों को व्यापार करने के लिए आवंटित की गयी एक से 36 तक की सभी 37 दुकानों को तत्काल खाली करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति निर्देशों का पालन नहीं करेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी जाएगी। मंडी परिसर में एक से 36 नंबर तक की खाद्यान्न आढ़तियों की दुकानों के बीच खाली पड़ी गली में भी एक आढ़ती की दुकान बनी हुयी है।
जिस समेत वहां कुल 37 खाद्यान्न आढ़तियों की दुकानें हैं। एसडीएम के निर्देश पर सात खाद्यान्न आढ़तियों को मंडी सचिव की ओर से मंडी समिति परिसर के बाहर की ओर निर्मित खाली पड़ी सात दुकानों को व्यापार करने के लिए दे दिया गया है।
अन्य खाद्यान्न आढ़तियों ने अपनी दुकानों के सामान को अपने पल्लेदारी खर्च पर गोदामो अथवा अन्यत्र स्थानों पर ढुलवा लिया है। प्रशासन की ओर से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी के लिए मंडी परिसर में बैरिकैटिंग का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है।
खाद्यान्न आढ़तियों के व्यापार करने के लिए आवागमन को विगत दो वर्षों से बंद पड़े कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर के संख्या दो को खोल दिया गया है। इस मौके पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव संभव तोमर तथा सीओ गजेन्द्र पाल सिंह भी मौजूद रहे।

