Saturday, March 21, 2026
- Advertisement -

मंडी सूनी, बाजारों में छाया सन्नाटा, करोड़ों का व्यापार प्रभावित

  • कांवड़ यात्रा में रास्ते बंद होने का व्यापार पर पड़ रहा बुरा असर
  • सब्जियों और फलों के दाम आसमान पर पहुंचे

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा भारी और हलके वाहनों की आवाजाही बंद करने और महानगर में लगभग सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग करने का व्यापार पर बुरा असर पड़ा है। मंडी सूनी हो गई और बाजारों में सन्नाटा छा गया। इससे करोड़ों का व्यापार प्रभावित हुआ है। दूसरी जगहों से फल और सब्जियां न आने से इनके दाम आसमान पर पहुंच गए हैं।

प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर करीब एक सप्ताह पूर्व भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। उसके तीन दिन बाद हल्के चौपहिया वाहनों का कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रतिबंधित कर दिया गया। इसके साथ महानगर में जगह-जगह बैरिकेडिंग करके अधिकांश रास्ते बंद कर दिए। जो रास्ता खुला उस पर दूर-दूर तक जाम लग रहा है। हालांकि प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को उनके गंतव्य तक पहुंचने की छूट देने की बात कही थी, लेकिन पुलिस फल, सब्जी और अन्य खाद्य वस्तुओं के ट्रक या मिनी ट्रक या चौपहिया वाहनों को मंडी तक या मंडी से शहर में कहीं जाने नहीं दे रही।

इससे मंडी में फल, सब्जियों, गेहूं, आटा, दाल, मसालों, तेल आदि की आवक घट गई। सब्जी मंडी में लोकल के किसान रेहड़े में भिंडी, मिर्च, लोकी व तोरी आदि सब्जी ला रहे हैं। बाहर से आलू, प्याज, लहसुन, अदरक, बैंगन, कटहल आदि सब्जियों की आवक बंद हैं। इसी तरह लोकल आम ही सिर्फ मंडी में आ रहा है, वह भी सिर्फ बुग्गियों में भरकर आ रहा है। सेब, केले, मौसमी, पपीते, अनार की मंडी में आवक नहीं हो रही। जो एक सप्ताह पूर्व फल आया है, उसके दाम तेज हैं। इसी तरह आटा, बेसन, दालों, मसालों व खाद्य तेल घी आदि की आवक बंद है।

इससे रोजाना मंडी को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। इसी कारण फलों व सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। उधर, महानगर में चारों ओर बैरिकेडिंग किए जाने से अधिकांश रास्ते बंद हो गए। जो रास्ते खुले हैं, उन पर दिन भर जाम लगा रहता है। रास्ते बंद होने और जाम के चलते लोगों ने बाजार जाने से पैर खींच लिए हैं। इसी कारण आबूलेन, सदर, घंटाघर, वैली बाजार, लाला का बाजार, खैरनगर बाजार, बुढ़ाना गेट, भगत सिंह मार्केट, हापुड़ रोड, गढ़ रोड के बाजार सूने पड़े हैं। शहर और सदर के सराफा बाजार में भी सन्नाटा छाया है।

पुलिस किसी भी वाहन को मंडी आने नहीं दे रही: पदम

नवीन मंडी के सब्जी के आढ़ती पदम कुमार का कहना है कि पुलिस आवश्यक वस्तु होने के बावजूद सब्जी की गाड़ियों को मंडी आने नहीं दे रही। इसलिए किसान अब मेरठ की मंडी में सब्जी नहीं ला रहे। इससे मंडी को रोजाना करोड़ों के व्यापार का नुकसान हो रहा है।

रास्ते बंद होने से व्यापार हो रहा प्रभावित: मनोज

नवीन मंडी में आटा, बेसन आदि खाद्य वस्तुओं के आढ़ती मनोज कुमार का कहना है कि दस दिन से हाईवे पर ट्रकों की आवाजाही बंद है। माल ट्रकों के जरिए आता है, इसलिए मंडी में माल नहीं आ रहा। इससे मंडी का व्यापार प्रभावित हो रहा है।

लोकल आम के अलावा कुछ नहीं आ रहा: शाहबाज

नवीन मंडी में फलों की आढ़त करने वाले हाजी शाहबाज का कहना है कि ट्रकों के साथ-साथ छोटे हाथी तक से फलों को मंडी में लाने नहीं दिया जा रहा, जिससे मंडी में माल नहीं है। सिर्फ कुछ लोकल बाग वाले बुग्गी या ठेलियों में आम लेकर आ रहे हैं। जो फल पहले का रखा है, उन्हें छोटे हाथी से भी भेजा नहीं जा सकता।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

चंदन, वंदन और जोरदार अभिनंदन

लोकतंत्र भी हिन्दी फिल्मों की तरह है। हिन्दी फिल्में...

एलपीजी पर पैनिक होने की जरूरत नहीं

विरोध के नाम विरोध या सत्ता के लालच में...

युद्ध की बदलती तकनीक

विश्व के सैकड़ों देशों के पास अपनी भूमि की...

LPG: ‘अपने सिलिंडर की डिलीवरी पर भरोसा रखें, अफवाहों पर नहीं’- पेट्रोलियम मंत्रालय

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव...
spot_imgspot_img