165 हिंदू और 112 की रीति मुस्लिम रिवाजों से हुई शादी
जनवाणी टीम |
शामली: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद के पांचों ब्लॉक क्षेत्रों एवं नगर निकायों से चयनित 277 जोड़ों की सामूहिक शादियां संपन्न हुई। जनपद में 165 हिंदू जोड़ो की वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ फेरे कराए तथा 112 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया गया।
शहर के भैंसवाल रोड स्थित वेदांश पैलेस शामली ब्लॉक और नगर पालिका परिषद द्वारा चयनित 31 जोड़ों की सामुहिक शादियां कराई गई। इनमें ब्लॉक से चयनित 22 जोड़े तथा नगर पालिका परिषद क्षेत्र से चयनित 9 जोड़े शामिल रहे। हिंदू और मुस्लिम जोड़ों की शादियां उनके धार्मिक रीति रिवाजों के अनुसार संपन्न कराई गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रचना शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 277 शादियां संपन्न हुई। जिसमें 165 हिंदू जोड़े तथा 112 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। इस अवसर पर बीडीओ प्रवीण कुमार, नगर पालिका से प्रदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।

कैराना में 57 जोड़े शादी के बंधन में बंधे
शुक्रवार को खंड विकास परिसर में खंड विकास अधिकारी डा. हरीश कुमार एवं नगर पालिका परिसर में जिला परियोजना अधिकारी प्रदीप कांत की देखरेख में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किये गए। खंड विकास परिसर में 32 जोड़ों के विवाह कराए गए।
जिनमें से 8 मुस्लिम जुड़े व 24 हिंदू जोड़ों के विवाह उनके रीति रिवाज के साथ कराए गए। इसके अलावा नगर पालिका परिसर में 25 मुस्लिम जोड़ों के विवाह मुस्लिम रीति रिवाज के साथ कराए गए। जिला परियोजना अधिकारी प्रदीप कांत ने बताया कि शासन की ओर से 33 हजार रुपये लड़की के खाते में डाले गए तथा 10 हजार रुपये का घरेलू सामान जैसे प्रेशर कुकर, बर्तनों का डिनर सेट, मिक्सी, कपड़े व संदूक आदि सामान दिया गया। इसके साथ ही 6 हजार रुपये खाने-पीने पर खर्च किए गए। इस दौरान वार्ड सभासद सहित वर वधु पक्ष के लोग मौजूद रहे।
कांधला, एलम में 22 जोड़ों का सामुहिक विवाह
कांधला खंड विकास कार्यालय के प्रांगण में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत के सात मुस्लिम जोड़ो का निकाह और नौ हिंदू जोड़ों के फेरे कराकर शादियां संपन्न कराई। खंड विकास अधिकारी पुनीत कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये नगद देने के साथ हीं दस हजार रुपये का सामान व छह हजार रुपये खाने का खर्च दिया जाता है।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को सरकार के द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी संदीप कुमार, एडीओ सुशील मलिक, सुरेंद्र कुमार सहित आदि मौजूद रहे। दसूरी ओर नगर पंचायत एलम में भी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक हिंदू और पांच मुस्लिम जोड़ों की शादी कराई गई। इस दौरान चेयरमैन डा. दीपा पंवार, जसबीर सिंंह, सभासद सोनू सहित आदि मौजूद रहे।
थानाभवन में 73 जोड़ों का विवाह सम्पन्न
थानाभवन कस्बे के सिटी गार्डन पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को सामुहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 18 मुस्लिम व 55 हिंदू जोड़ों का उनके रीति रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। खण्ड विकास अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि प्रत्येक लाभार्थी दम्पति के लिए उनके खाते में 35 हजार रूपये एनईएफटी के माध्यम से भेजे जाएंगे। कार्यक्रम में नरेंद्र त्यागी, नोडल अधिकारी अंशुल कुमार, खंड विकास अधिकारी पंकज कुमार, एडीओ सुभाष सैनी, एडीओ सोम प्रकाश, एडीडी सुभाष चंद, जेई प्रमोद कुमार डिंगल काफी लोग मौजूद रहे।
ऊन ब्लॉक में 94 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
ऊन ब्लॉक के प्रांगण में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 83 परिणय सूत्र में बंधे। जिनमें 53 हिंदू व 30 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। नगर पंचायत क्षेत्र से ऊन नगर से 03, गढ़ीपुख्ता नगर पंचायत क्षेत्र से 04, झिंझाना नगर पंचायत क्षेत्र से 4 जोड़ें शामिल रहे। हिंदु और मुस्लिम जोडों की उनके धार्मिक रीति, रिवाजो से शादियां कराई गई। प्रत्येक जोड़े को 10-10 हजार का सामान व 35000 की नगद राशि खातों में भेजी गई। परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी ने सभी जोड़ों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर ब्लॉक के प्रभारी बीडीओ मुकेश कुमार समेत सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

