जनवाणी संवाददाता |
सरधना: सोमवार को क्षेत्र के छुर गांव में तनाव के चलते एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने कमरे में विवाहिता का शव फांसी पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। विवाहिता की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के छुर गांव निवासी पूजा पुत्री सरसपाल की शादी करीब पांच माह पूर्व सरूरपुर निवासी युवक के साथ हुई थी। विवाद के चलते करीब दो माह से विवाहिता मायके में रह रही थी। पिछले कई दिन से विवाहिता तनाव में चल रही थी। तनाव के चलते सोमवार को विवाहिता कमरे में गई और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने कमरे में विवाहिता का शव लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। विवाहिता की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस सम्बंध में एसएसआई विनोद कुमार का कहना है कि विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहींं आई है।
बाइक से गिरकर युवक की मौत
लावड़: कस्बे के देहात भगवानपुर और बिसौला के जंगल के रास्ते में बाइक के स्लिप होने के कारण युवक की गिरकर मौत हो गई। गोलाबढ़ रोहटा रोड थाना टीपी नगर निवासी वीरसेन पुत्र सुकन सिंह सोमवार को बाइक पर सवार होकर बिसौला गांव में जमीन देखने के लिए जा रहा था। जहां पर रास्ते में वीरसेन की बाइक असंतुलन होकर सड़क के किनारे गड्ढे में गिर कर फिसल गई।
जिससे वीरसेन का संतुलन बिगड़ गया और युवक बाइक सहित सड़क पर जा गिरा। जिससे युवक का सिर सड़क से जा टकराया। जिससे युवक के सिर में गंभीर चोटें आई। घटना की सूचना बाइक सवार के भतीजे महेश पुत्र रमेश चंद निवासी ग्राम बिसौला द्वारा पुलिस को दी गई।
चौकी इंचार्ज प्रवीण चौधरी द्वारा तुरंत सरकारी जीप से युवक को सीएससी दौराला इलाज के लिए भेजा गया। जहां इलाज के दौरान वीरसेन की मौत हो गई। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

