- विवाहिता के परिजनों ने मेडिकल पोस्टमार्टम हाउस पर किया जमकर हंगामा
- मृतका के भाई ने पति समेत तीन के खिलाफ हत्या की दी तहरीर
जनवाणी संवाददाता |
भावनपुर: थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात संदिग्ध हालात में एक विवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर महिला की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मृतका के भाई ने पति सहित तीन आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
माधवपुरम निवासी अर्जुन ने बताया कि उसकी बहन माला की शादी कई साल पहले जयभीमनगर निवासी रवि उर्फ बॉबी के साथ हुई थी। दंपति के तीन बेटे हैं। रवि मेडिकल के डॉक्टरों की गाड़ी धोने का काम करता है। अर्जुन का आरोप है कि रवि पिछले काफी समय से उनसे कार की डिमांड कर रहा था। मंगलवार को माला माधवपुरम में अपने भांजे के मुंडन के कार्यक्रम में शामिल होने आई थी।
कुछ देर बाद ही वापस लौट गई। इसके बाद देर रात माला के पति रवि ने अर्जुन को कॉल करके बताया कि माला की मेडिकल में बीमारी के चलते मौत हो गई है। घटना के बाद मेडिकल पहुंचे मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
जिसके बाद पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर भी जमकर हंगामा किया। अर्जुन ने बताया कि उन्होंने माला के पति रवि और उसके भाई राजन सहित मां अंगूरी के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की बात कही है।
रिटायर इंस्पेक्टर के बेटे ने गोली मारकर सुसाइड किया
ब्रहमपुरी थानांतर्गत इंदिरा नगर में रहने वाले एक रिटायर इंस्पेक्टर के इंजीनियर बेटे ने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चलाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि इन्द्रा नगर में रहने वाले रिटायर इंस्पेक्टर गजे सिंह के 35 वर्षीय बेटे राहुल ने शाम के समय गोली मारकर सुसाइड कर लिया। राहुल हरिद्वार में इंजीनियर था और उसके दो बच्चे है।
गोली चलते ही घर वाले भागकर गए तो देखा कि राहुल लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। परिजन उसे उठाकर केएमसी अस्पताल लेकर आए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने सीओ ब्रहमपुरी पर एक पुराने मामले को लेकर आरोप लगाया है कि उनके उत्पीड़न से बेटे ने सुसाइड किया है। हालांकि मृतक के पिता की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। देर रात शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा था।
सिखेड़ा में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
क्षेत्र के गांव सिखेड़ा में सुमित पुत्र राजबीर नाम के शख्स ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुमित की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रोते रोते बुरा हाल है। इस घटना से पड़ोसी भी हैरत में हैं। सुमित की आत्महत्या की सूचना पर इंचौली पुलिस मौके पर पहुंच गयी।
एसओ इंचौली अंकित चौहान का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेज दिया है। परिजनों की ओर से आत्महत्या की तहरीर दी गयी है। हालांकि अभी आत्महत्या का काराण नहीं पता चल सका है।

