जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भाजपा सांसद कांता कदर्म कोरोना संक्रमित हो गयी हैं। बुधवार को सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद उन्होंने खुद को दिल्ली स्थित अपनी सरकारी आवास में क्वारंटाइन कर लिया है। जनवाणी संवाददाता से बातचीत में उन्होंने बताया कि दोपहर बाद चिकित्सकों द्वारा संक्रमित होने की सूचना के बाद वह क्वारंटाइन में है। उन्होंने बताया कि सदन में जाते हैं, तमाम लोगों से मिलना भी होता है। वैसे भी दिल्ली में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि ट्वीट कर अपील की है कि जो भी उनके संपर्क में आए हैं, वो खुद की जांच अवश्य करा लें। वहीं, दूसरी ओर नौचंदी के घनी आबादी वाले कैलाशपुरी कुमार आश्रम के समीप गली नंबर एक में एक ही परिवार के बताए जा रहे 11 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
बताया गया है कि एक ही परिवार के इस गली में तीन चार मकान हैं। इन मकानों में रहने वाले परिवारों में ये संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की जिला सर्विलांस अधिकारी डा. प्रशांत की ओर से यह सूचना सीएमओ की मार्फत प्रशासन को दी है। जिसके बाद पुलिस भी ऐक्शन मोड में आ गयी।
इस गली में कोरोना संक्रमण के 11 केसों का मिलना विस्फोट के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस ने इन परिवारों की ओर जाने वाले रास्ते को सील कर दिया है। वहां बैरिकेडिंग लगा दी गयी है। स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के अन्य सदस्यों के अलावा पूरी गली की पूल सैंपलिंग की बात कही है।
संक्रमण के और अधिक केसों के मिलने की बात से इनकार नहीं किया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर इतनी ज्यादा संख्या में कोरोना के केस निकलने के बाद कैलाशपुरी व उसके आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। जैसे ही लोगों का पता चला कि इतने ज्यादा केस मिले हैं उन्होंने खिड़की दरवाजें बंद कर खुद को घरों में कैद कर लिया।
बिगड़ रहे कोरोना संक्रमण के हालात, 39 नए केस
कोरोना संक्रमण के हालात एक बार फिर से बिगड़ने लगे हैं। बुधवार को संक्रमण के 39 नए केस आए हैं। हालांकि कोरोना अपडेट में सीएमओ ने सिर्फ 28 केसों की ही जानकारी दी है। स्वास्थ्य विभाग की जिला सर्विलांस टीम ने महानगर में अलग-अलग स्थानों से कुल 4687 सैंपल जमा कर मेडिकल की माइक्रोबॉयलोजी लैब टेस्टिंग के लिए भेजे। इनमें 28 सैंपल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
हालांकि अभी 2051 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। सीएमओ ने बताया कि एक बार फिर से संक्रमण की चेन बनने लगी है। परिवारों में एक से ज्यादा संक्रमित मिलना ठीक नहीं। इसके अलावा संक्रमितों में ऐसे केस ज्यादा है जो किसी कांटेक्ट के नहीं हैं। ये नए केस हैं। 28 केसों में से 16 केस ऐसे हैं जो नए हैं जबकि 12 केस ऐसे हैं जो किसी पूर्व संक्रमित के कांटेक्ट में आने से संक्र्रमित हुए हैं।
जिन इलाकों में संक्रमित मिले हैं उनमें राधा गार्डन मवाना रोड, पावर ग्रिड मटौर, समौली दो केस, गुरुनानक बाजार कंकरखेड़ा, अशोक नगर एक ही परिवार में तीन केस, गांव कबट्टा, वृंदावन धाम एन्क्लेव, गोविंदपुरी, फाजलपुर रोहटा रोड, अनुपनगर फाजलपुर एक ही परिवार में दो केस, सांधन में एक ही परिवार में दो केस, कंकरखेड़ा शील कुंज, गोल्डन ऐवेन्यु फेज-3, पुलिस लाइन, कृष्णा नगर रुड़की रोड, प्रीत विहार एक ही परिवार में दो केस, शास्त्रीनगर, कैलाशपुरी, सी ब्लॉक पांडव नगर भी शामिल हैं। संक्रमितों में नौकरी पेशा, छात्र, अधिवक्ता, कामकाजी घरेलू महिलाएं, सैन्य कर्मी, हेल्थ केयर वर्कर भी शामिल हैं।
सिटी स्टेशन और बस स्टैंड पर सैंपलिंग
सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर कुल 109 यात्रियों के सैंपल लिए गए। इनमें 95 एंटीजन व 14 आरटीपीसीआर हैं। इसके अलावा बस स्टैंड पर 78 यात्रियों के सैंपल लिए गए हैं इनमें से 56 एंटीजन व 22 आरटीपीसीआर हैं।
मेडिकल नर्सेज संघ के चुनाव 26 को नामांकन
राजकीय मेडिकल नर्सेज संघ के चुनाव एलएलआरएम मेडिकल 26 मार्च को कराए जाएंगे। यह जानकारी सिस्टर इंचार्ज शर्ली भंडारी ने दी। उन्होंने बताया कि कर्मचारी नेता विपिन त्यागी व मैट्रन एन्जलीना जार्ज को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। 25 मार्च को नामांकन किया जाएगा। नामांकन शुल्क 500 रुपये तय किया गया है। कोई भी नामांकन दाखिल कर सकता है। जिस पद पर एक से अधिक नामांकन पत्र आएंगे उस पर बैल्ट से चुनाव कराया जाएगा। चुनाव के लिए पुलिस प्रशासन से व्यवस्था बनाने का आग्रह किया गया है। चुनाव मेडिकल प्राचार्य व सीएमएस की देखरेख में कराए जा रहे हैं।

