जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: बुधवार को खांजापुर गांव बुढ़ाना मोड पर जनपद के शहीद प्रशांत शर्मा की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। आल इंडिया कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा ने शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संदेश पूर्व विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष पकंज मलिक द्वारा प्रेषित किया गया। उन्होंने शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा की पूरे देश को प्रशांत शर्मा की शहादत पर गर्व है। हम सब आपके व आपके बेटे प्रशांत शर्मा के ऋणी हैं जिन्होंने देश की सेवा में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा हमें शहीद प्रशांत शर्मा पर गर्व है, जिन्होंने तीन आतंकवादियों को मारने के बाद देश के लिए शहादत दी।
राकेश टिकैत ने कहा हम प्रशासन से मांग रखेंगे बुढाना मोड़ चौराहे का नाम शहीद प्रशांत शर्मा के नाम पर कर दिया जाए और पुलिस चौकी के पास शहीद प्रशांत शर्मा की प्रतिमा लगाई जाए।
शहीद के पैतृक गांव बिजरौल के ग्राम प्रधान अशोक ने बताया अब तक बिजरोल के 65 जवान देश के लिए शहीद हुए हैं, शहीद प्रशांत शर्मा 66वां शहीद है।
वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा ने शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जो पैदा होता है उसको एक दिन जाना है, लेकिन देश के लिए शहादत किसी किसी के हिस्से में आती है। हमें अपने बहादुर बेटे पर गर्व है।
पूर्व विधायक पंकज मलिक ने कहा हमें अपने भाई बेटे प्रशांत पर गर्व है जो केवल 23 साल की उम्र में देश की रक्षा के लिए शहीद हो गया। उन्होंने कहा यहां शहीद की मूर्ति लगाने का प्रयास हो उसमें वह साथ हैं।
पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊटवाल ने कहा आप लोग शहीद के नाम पर मूर्ति का प्रस्ताव देंगे तो उसको पूरा कराया जायेगा।
लखनऊ से राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने फोन पर शहीद को श्रद्धांजलि का संदेश भेजा।
क्रांति शिव सेना मंडल अध्यक्ष नरेंद्र पंवार ने शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शहीद प्रशांत शर्मा ने अपना सर्वस्व बलिदान देकर देश की रक्षा का लिया हुआ संकल्प पूर्ण किया है, मैं उनकी शहादत को नमन करता हूं।
श्रद्धांजलि सभा में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, पूर्व विधायक पंकज मलिक, वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा, पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊटवाल, जिला पंचायत सदस्य राकेश वशिष्ठ, क्रांति शिव सेना मंडल अध्यक्ष नरेंद्र पंवार, अनुज त्यागी, भाजपा नेता सुधीर खटीक, मोनू बालियान, लाला शर्मा, चंद्रमोहन फौजी आदि सेकड़ो की संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।

