- पुलिस नाकाम अतिक्रमण करने वालों पर नहीं हो रही सख्ती
- फुटपाथ बना पार्किंग स्थल
जनवाणी संवाददाता |
मवाना: फुटपाथों के अतिक्रमण के कारण हर रोज शहर की मुख्य सड़कें सिकुड़ रही हैं। ऐसे में सड़कों पर जाम की समस्या भी दिनप्रतिदिन बढ़ती जा रही है। शनिवार को भी सुबह से लेकर शाम तक सड़कों पर जाम की स्थिति देखी गई। जाम से त्रस्त लोगों को एक कदम बढ़ाने तक में मुश्किलें हुई। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर जाम की समस्या का ठोस निदान नहीं निकाले जाने से लोगों में नाराजगी है।
कस्बे को अतिक्रमणमुक्त कराने को लेकर दर्जनों बार कार्रवाई हुई, लेकिन यह कार्रवाई महज खानापूर्ति साबित हुई। कस्बे के मुख्य व सहायक मार्गों में हमेशा जाम देखने को मिल रहा है। कानूनी कारवाई से भय मुक्त दुकानदार कस्बे के कई हिस्सों में फुटपाथ पर कब्जा जमा रखा है।
नगर में मेरठ-पौड़ी मार्ग पर अवैध रूप से दौड़ रही ई-रिक्शा, थ्री व्हीलर एवं गन्नों के ओवरलोड ट्रकों के कारण जाम की समस्या के दुश्मन बन गए हैं। दिन-रात नगर में लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने की कोशिश नहीं की जा रही है। शनिवार को हाइवे घंटों जाम से जूझता रहा। वहीं, मिल रोड पर गन्नों के ओवरलोड ट्रकों की लंबी कतार लगने से मवाना-परीक्षितगढ़ मार्ग पर आवागमन बाधित रहा तो वही बस स्टैंड चौकी से लेकर तहसील रोड पर लगे जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान फुटपाथ पर वाहनों का पार्किंग स्थल बनने से पैदल निकलना मुश्किल हो गया। पुलिस ने बमुश्किल जाम के झाम में फंसे वाहनों को रेंगते देख जाम को खुलवाया। नगर में ई-रिक्शाओं की भरमार है।
जिनमें अधिकांश अपंजीकृत हैं। जिनके कारण बाजारों के अलावा हाइवे पर जाम की समस्या बनी रहती है। जबकि दिनभर इस मार्ग दिनभर रोडवेज बसों के अलावा प्राइवेट बसें, ट्रक, टेम्पो, गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली इत्यादि वाहन दौड़ते हैं। जबकि लोगों की सुविधा के लिये बने फुटपाथ पर भी अतिक्रमण है। अवैध रूप से दौड़ रही ई-रिक्शा व अतिक्रमण के कारण मार्ग पर जाम की समस्या अधिक बढ़ गई हैं।
शनिवार को भी हाइवे घंटों जाम से जूझता रहा। जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जबकि अवैध रूप से दौड़ रही ई-रिक्शा पर अंकुश लगाने की मांग संयुक्त व्यापार एसोसिएशन द्वारा तहसील दिवस पर ज्ञापन देकर की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
परीक्षितगढ़ मार्ग गन्नों के ट्रकों से अवरुद्ध
चीनी मिल का पेराई सत्र आरंभ होने के साथ ही सेंटरों से गन्ने लेकर आने ओवरलोड ट्रकों से नगर के परीक्षितगढ़ मार्ग पर जाम की समस्या बढ़ गई है। क्योंकि गन्ने के ट्रक व बुग्गी इत्यादि केनयार्ड से बाहर मुख्य मार्ग पर आ जाते हैं। शनिवार को गन्ने के ओवरलोड ट्रकों की लंबी कतार लगने से आवागमन बाधित रहा। जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मौके पर इंस्पेक्टर विष्णु कौशिक ने कहा कि पुलिस द्वारा अवैध रूप से दौड़ रही ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई की जाएगी तो वही चुनाव संपन्न होने के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
सड़क किनारे हैं पार्किग
कस्बे में कोई पार्किंग नहीं है। ऐसे में तमाम वाहन सड़क किनारे ही खड़े रहते हैं, वो भी बेतरतीब ढंग से। बैंक शाखाओं, निजी अस्पताल, नर्सिंग होम, कॉम्प्लेक्स आदि में कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। नगर पालिका प्रशासन का तर्क यह रहता है कि पार्किंग के लिए कहीं जगह ही नहीं है।
अतिक्रमण से भी संकरी हो रहीं सड़क
शहर में तमाम मार्गों पर अतिक्रमण है। दुकानों का सामान नालों-नालियों से आगे सड़क तक रखा रहता है। जगह-जगह आगे तक रैंप भी बनाए गए हैं। अतिक्रमण के खिलाफ दो साल से अधिक समय से कोई अभियान भी शहर में नहीं चला।
पुलिस और होमगार्ड की लगती है ड्यूटी
मवाना में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस और होमगार्ड जवानों की नियमित ड्यूटी लगाई जाती है। इसके बाद भी जाम से निजात नहीं मिल रही। यह जवान बैठे-बैठे बतियाते रहते हैं। अधिकारी के वाहन का सायरन बजने पर ही हरकत में आते हैं।

