Friday, March 13, 2026
- Advertisement -

हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ मेरठ बंद

  • स्कूलों के बच्चे, हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता, समाजसेवी उमड़े, पेट्रोल पंप, डाक्टरों की क्लीनिक रहीं बंद

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ शुक्रवार को संयुक्त व्यापार संघ द्वारा आहूत मेरठ बंद में महानगर दोपहर एक बजे तक बंद रहा। दुकानें, कारखाने, प्राइवेट आफिस, स्कूल, पेट्रोल पंप बंद रहे। प्राइवेट चिकित्सकों ने दोपहर एक बजे तक अपनी क्लीनिक बंद रखीं। उधर, कचहरी में अधिवक्ताओं ने कार्य नहीं किया। महानगर में आधे दिन बाजार सूने रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसारा रहा। नगर में निकाले गए शांति मार्च व जनआक्रोश मार्च में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों व्यापारियों के साथ-साथ, भाजपा, हिंदूवादी संगठनों के हजारों कार्यकर्ता, समाजसेवी और स्कूलों के बच्चे भी जुलूस में शामिल हुए।

बांग्लादेश में हिंदुओं के नरसंहार के विरोध में संयुक्त व्यापार संघ ने शुक्रवार को दोपहर एक बजे तक मेरठ बंद का आह्वान किया था। महानगर के प्रमुख बाजार बेगमपुल, आबूलेन, सदर, रजबन, लालकुर्ती, पीएल शर्मा रोड, वेस्टर्न कचहरी रोड, छीपी टैंक, बच्चा पार्क, बुढ़ाना गेट, खैरनगर बाजार, लाला का बाजार, सराफा बाजार, शहर घंटाघर, वैली बाजार, कबाड़ी बाजार, बागपत गेट, रेलवे रोड, दिल्ली रोड, बागपत रोड, शारदा रोड, पुरानी दिल्ली चुंगी, इंदिरा चौक, ईव्ज चौराहा, जत्तीवाड़ा, गढ़ रोड, शास्त्रीनगर, सेंट्रल मार्केट, तेजगढ़ी, जेल चुंगी चौराहा, साकेत, नंगला बट्टृू, सिविल लाइन आदि क्षेत्रों में तमाम दुकानें बंद रहीं, जबकि मुस्लिम बहुल क्षेत्र जली कोठी, अहमद रोड, नगर निगम रोड, कोटला, भूमिया का पुल, लिसाड़ी रोड आदि जगहों के बाजार खुले रहे। दोपहर एक बजे तक शहर के तमाम पेट्रोल पंप बंद रहे। शहर के अधिकांश स्कूल भी बंद रहे।

सुबह 10 बजे संयुक्त व्यापार संघ निर्वाचित से जुड़े व्यापारी मंगलपांडे चौक, बुढ़ाना गेट पर एकत्रित हुए। यहां से वे अध्यक्ष नवीन गुप्ता के नेतृत्व में जुलूस के रूप में कमिश्नरी पहुंचे। इसके बाद सुबह 11 बजे संयुक्त व्यापार संघ के अजय गुप्ता गुट के बैनर तले हजारों व्यापारी, भाजपा व हिंदूवादी संगठनों के हजारों कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ता, हजारों महिलाएं, वैदिक कन्या गुरुकुल दबथला की छात्राएं, गुरुकुल प्रभात आश्रम, टीकरी के छात्रों का दल जुलूस में शामिल हुआ। जुलूस में लोग हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो, हिंदुओं का उत्पीड़न नहीं सहेंगे, हिंदू हिंसक नहीं मगर कायर भी नहीं, रोहिंगियों को भगाओ देश बचाओ, अवैध बांग्ला देशियों को भगाओ, बांग्लादेश में हिंदुओं की रक्षा हो आदि नारे लिखीं तख्तियां लेकर शामिल हुए। जुलूस जिमखाना मैदान, बच्चा पार्क, वेस्टर्न कचहरी रोड होता हुआ कमिश्नरी चौराहे पर चौधरी चरण सिंह पार्क पहुंचा।

संयुक्त व्यापार संघ अजय गुप्ता गुट की ओर से संरक्षक बिजेन्द्र अग्रवाल, अध्यक्ष अजय गुप्ता, महामंत्री दलजीत सिंह, कमल ठाकुर आदि ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एडीएम सिटी को दिया। संयुक्त व्यापार संघ निर्वाचित की ओर से अध्यक्ष नवीन गुट, महामंत्री संजय जैन आदि ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन एडीएम सिटी को दिया। सर्व हिंदू संगठन मेरठ महानगर की ओर से कैंट विधायक अमित अग्रवाल, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, भाजपा महिला मोर्चा की ओर से अंजु शर्मा, ब्रह्मण उत्थान महासभा से प्रदीप शर्मा एडवाकेट, आवाज फाउंडेशन से सीमा शर्मा, अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद की जिलाध्यक्ष मंजू शर्मा, डेफोडिल एजुकेशन सोसाइटी से संगीता कश्यप व कई अन्य संगठनों की ओर से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजे गए। प्रधानमंत्री से बांग्लादेश में हिंदुओं व सिखों पर अत्याचार रोकने, उनके घर, प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, नुकसान की भरपाई बांग्लादेश सरकार से कराने, सुरक्षा को सेना को भेजने और देश में अवैध तरीके से रह रहे बंगलादेश के लोगों को वापस भेजने की मांग की गई।

बांग्लादेश भारत को कमजोर न समझें: अमित

प्रदर्शन में शामिल हुए कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि बांग्लादेश में शेख हसीना के भारत में शरण लेते ही हिंदुओं को निशाना बनाया गया। वहां नरसंहार हुआ। हिंदुओं की हत्याएं की गई, घरों, दुकानों व मंदिरों में तोड़फोड़ व आगजनी की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि बांग्लादेश भारत को कमजोर न समझें। यदि वहां अत्याचार नहीं रुके तो भारत को हिंदुओं की रक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाना पड़ सकता है।

सोची समझी साजिश के तहत हो रहे हिंदुओं पर अत्याचार: महापौर

महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि बांग्लादेश में एक सोची समझी साजिश के तहत हिंदुओं पर अत्याचार किए जा रहे। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री यूनुस से बात की है, उम्मीद है कि हिंदुओं पर अत्याचार बंद होंगे।

बांग्लादेश में घुसकर खून का बदला खून से लेंगे: सचिन

हिंदू रक्षक दल के नेता सचिन सिरोही ने कहा कि बांग्लादेश में शीघ्र अत्याचार नहीं रुके तो देश का हिंदू अब जाग गया है और बांग्लादेश के घुसकर हम हिंदुओं की रक्षा करेंगे। देश का सवा करोड़ हिंदू बांग्लादेश में घुसकर खून का बदला खून से लेंगे।

डाक्टरों का घंटों इंतजार करते रहे मरीज

संयुक्त व्यापार संघ के आह्वान पर आईएमए की मेरठ शाखा ने भी दोपहर एक बजे तक अपनी क्लीनिक बंद रखने का ऐलान किया था। हालांकि इमरजेंसी सर्विस को बंद से अलग रखा गया था। शुक्रवार को बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ बंद में प्राइवेट चिकित्सक शामिल हुए। बेगमपुल, छीपी टैंक, बच्चा पार्क, इंदिरा चौक, ईव्ज चौराहा, वेस्टर्न कचहरी रोड, ईस्टर्न कचहरी रोड, गढ़ रोड, रानी मिल बिल्डिंग, दिल्ली रोड, बागपत रोड, किला रोड, रुड़की रोड आदि जगह अधिकांश चिकित्सकों की क्लीनिक पर दोपहर एक बजे तक ताले लटके रहे। ओपीडी में चिकित्सक को दिखाने पहुंचे मरीजों को घंटों डाक्टर का इंतजार करना पड़ा। उधर मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने भी बंद में शामिल होने का ऐलान किया था, जिस कारण खैरनगर दवा मार्केट में अधिकांश दवा की दुकानें दोपहर एक बजे तक बंद रहीं। दवाइयों के लिए मरीजों को इधर उधर भटकना पड़ा।

पेट्रोल पंप बंद रहने से परेशान हुए लोग

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ आहूत मेरठ बंद में महानगर के अधिकांश पेट्रोल पंप भी दोपहर एक बजे तक बंद रहे। रोडवेज के सामने, ईव्ज चौराहा, मेघदूत सिनेमा चौराहा, अंबेडकर पार्क चौराहा, दिल्ली रोड के पेट्रोल पंप बंद रहने से वहां पेट्रोल या डीजल डलवाने वाहन लेकर पहुंचे लोगों को मायूसी हाथ लगी। कुछ दुपहिया वाहनों में पेट्रोल खत्म हो गया, ऐसे लोगों को वाहनों को खींच कर ले जाना पड़ा।

शांति मार्च में तलवारों का किया प्रदर्शन

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ शुक्रवार को बुढ़ाना गेट से निकाले गए शांति मार्च में कुछ लोगों ने तलवारों का प्रदर्शन किया तो कुछ लोगों ने उत्तेजक नारे लगाए। उत्तेजक नारे और तलवारों को देखकर कुछ लोग सहम गए। बुढ़ाना गेट से निकाले गए शांति मार्च में जहां एक युवती तलवार लेकर शामिल हुई। वहीं दो अन्य लोगों ने भी तलवारों का प्रदर्शन किया। कुछ लोगों ने खून का बदला खून से लेंगे, हिंदुओं पर नहीं रुका अत्याचार तो खून बहेगा सड़कों पर, जिस हिंदू का खून न खोले वह खून नहीं पानी है आदि नारे लगाए।

ज्ञापन देने को लेकर व्यापारियों में नोकझोंक

कमिश्नरी चौराहा स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजने के लिए संयुक्त व्यापार संघ ने 11 सदस्यीय कमेटी बनाई थी। लाउडस्पीकर से कई बार ज्ञापन समिति के सदस्यों को आगे आने को ऐलान किया गया। ज्ञापन लेने के लिए एडीएम सिटी व्यापारियों के बीच पहुंच गए। इस बीच संयुक्त व्यापार संघ के अजय गुप्ता, बिजेन्द्र अग्रवाल, कमल ठाकुर, दलजीत सिंह आगे आ गए।

इसी बीच किसी व्यापारी ने संयुक्त व्यापार संघ के निर्वाचित के अध्यक्ष नवीन गुप्ता को वहां बुलाया। इस पर अजय गुप्ता गुट के पदाधिकारी भड़क गए। उनकी नवीन गुप्ता के समर्थकों ने नोकझोंक हुई। अजय गुप्ता गुट के व्यापारियों ने नवीन गुप्ता पर बिना कुछ किए जुलूस में उमड़ी भीड़ का श्रेय लेने का आरोप जड़ दिया। इसी बीच कुछ व्यापारियों ने दोनों गुटों को शांत किया।

बांग्लादेश नरसंहार के विरोध में आज बंद रहेगा सरधना

सरधना: बांग्लादेश में तख्ता पलट के बाद से अल्पसंख्यक हिंदुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। मंदिरों को तोड़ा जा रहा है तो उनकी दुकानों और मकानों को आग के हवाले किया जा रहा है। बांग्लादेश में हिंदुओं के नरसंहार से देशभर के लोगों में भारी आक्रोश है। देश की जनता सरकार से इस ओर कदम उदठाने की मांग कर रही है। इसी के चलते शुक्रवार को मेरठ भी बंद रहा। सरधना के व्यापार मंडलों ने शनिवार को विरोध में बंद का ऐलान किया है।

शुक्रवार को सरधना व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज जैन ने टीम के साथ गाड़ी में घूमकर मुनादी की। उन्होंने व्यापारियों से बंद को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने शनिवार को सभी से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। ताकि सरकार तक अपनी बात पहुंचाई जा सके। वहीं मामले को लेकर पुलिस प्रशासन और खूफिया विभाग भी सतर्क हो गया है।

लावड़ में बंद का दिखा मिला-जुला असर

लावड़: कस्बे में शुक्रवार को बंद का मिला जुला असर देखने को मिला। सुबह के समय काफी दुकानें खुली रही। लावड़ व्यापार संघ के अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने व्यापारियों से बंद का समर्थन करने की अपील की तथा सहयोग करने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं संयुक्त व्यापार संघ की लावड़ शाखा के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने अन्य व्यापारियों के साथ कस्बे में घूमकर व्यापारियों से आग्रह कर उनके प्रतिष्ठान बंद कराए।

पल्लवपुरम के बाजारों में दोपहर तक रही पूर्ण बंदी

मोदीपुरम: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए अत्याचार के खिलाफ मेरठ बंद का असर पल्लवपुरम में भी देखने को मिला। दोपहर एक बजे तक पल्लवपुरम में किराना की दुकानों से लेकर मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप तक सभी बंद रहे। व्यापार संघ के आ”ान पर सभी व्यापारियों ने खुद ही सुबह अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखा। अध्यक्ष देवेंद्र चौहान ने बताया की गुरुवार को ही व्यापार संघ के पदाधिकारियों द्वारा सभी बाजारों में संपर्क कर बंदी की जानकारी दी गई थी। पल्लवपुरम स्थित, भव्य पैलेस, पल्लव टावर, चौहान मार्केट, डी एच मार्केट, फेज वन का मुख्य बाजार, समेत रुड़की रोड स्थित सभी प्रमुख बाजारों में पूर्ण बंदी रही। इस दौरान महामंत्री पूर्ण चंद सैनी, मंत्री तरुण विज, बलजीत सिंह, शेखर चौहान, दिनेश वर्मा, दिनेश चौहान आदि मौजूद रहे।

आज 24 घंटे की हड़ताल पर रहेंगे प्राइवेट चिकित्सक

कोलकाता में एमडी की छात्रा की हत्या को लेकर चिकित्सकों में गुस्सा है। आईएमए ने प्रदेशभर में 17 अगस्त की सुबह छह बजे से 18 अगस्त की सुबह छह बजे तक ओपीडी कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया है। आईएमए की मेरठ शाखा के अध्यक्ष डा. संदीप जैन और सचिव डा. तरुण गोयल ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि कोलकाता की घटना को लेकर आईएमए में आक्रोश व्याप्त है। आईएमए की मांग है कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और त्वरित सुनवाई कर अधिकतम सजा दी जाए।

डाक्टरों और अन्य स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों को सभी प्रकार के अत्याचारों से बचाने के लिए एक केन्द्रीय कानून बनाया जाए। सभी स्वास्थ्य देखभाल संस्थानों को विशेष संरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाए। भारत में कहीं भी काम करने वाले मेडिकल छात्रों और सभी आधुनिक चिकित्सा डाक्टरों की सुरक्षा से संबंधित सख्त नियमों को लागू करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा परिषद को सशक्त बनाया जाए। उन्होंने बताया कि मेरठ में सभी चिकित्सक 24 घंटे की हड़ताल पर रहेंगे। इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी। शनिवार की शाम छह बजे आईएमए हॉल के परिसर में मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

छोटे बच्चों की करें उचित परवरिश

नीतू गुप्ता साफ-सुथरा, हंसता मुस्कुराता बच्चा सभी को अच्छा लगता...

पर उपदेश कुशल बहुतेरे

सही कहा है, दूसरों को उपदेश देने वाले एक...

मराठा कूटनीति के चाणक्य नाना फड़नवीस

मराठा साम्राज्य का संदर्भ आते ही आंखों के सम्मुख...

नीतीश कुमार का अंतिम दांव

बिहार की राजनीति में बहुविध हलचल है। मुख्यमंत्री नीतीश...
spot_imgspot_img