जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: घाटी में सैन्य वाहनों के काफिले को उड़ाने की साजिश सोमवार को फिर नाकाम हो गई। श्रीनगर-बारामुला हाईवे पर आतंकियों ने आईईडी प्लांट कर रखी थी। इसे समय रहते ढूंढकर निष्क्रिय कर दिया गया है। इसके साथ ही आतंकियों की साजिश को विफल करने में सफलता मिली।
आतंकियों ने श्रीनगर-बारामुला हाईवे पर उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के पट्टन के कूटा मोड़ के करीब एक पुल के पास आईईडी प्लांट कर रखी थी। सुबह रोड ओपनिंग पार्टी ने संदिग्ध वस्तु देखी। इसके बाद इस रास्ते पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया।
Encounter has started at Marwal area of Pulwama. Police and security forces are on the job. More details awaited: Kashmir Zone Police
— ANI (@ANI) September 15, 2020
छानबीन करने पर पता चला कि यह आईईडी है। इस पर बम निरोधक दस्ते को बुलाकर इसे निष्क्रिय किया गया। रोड ओपनिंग पार्टी में शामिल खोजी कुत्तों की मदद से आईईडी को बरामद करने में सफलता हासिल हो सकी। सूत्रों ने बताया कि आतंकियों ने कूटा मोड़ का चयन इसलिए किया था क्योंकि यहां वाहनों की रफ्तार कम होगी। इससे वाहनों को निशाना बनाने में आसानी रहेगी।
उत्तरी कश्मीर में आतंकी लगातार आईईडी के जरिये सुरक्षा बलों के काफिले को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें कर रहे हैं। इससे पहले 11 सितंबर को बारामूला जिले के राफियाबाद इलाके के चतलूरा में चार किलो की आईईडी आतंकियों ने प्लांट की थी। इसे भी निष्क्रिय कर आतंकी साजिश को नाकाम बनाया गया था। पहले भी इस तरह की कोशिशें हो चुकी हैं।

