- प्रबंध कमेटी ने पुलिस को तहरीर दे कर कार्रवाई की मांग की
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: तहसील नजीबाबाद के ग्राम मनुपुरा बिजौरी में स्थित पार्क में बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के फोटो पर शरारती तत्वों ने स्याही पोत दी जिसको लेकर ग्रामीणों व समाज के लोगों में रोष उत्पन्न हो गया।
प्रबंध कमेटी के सदस्यों ने थाने में तहरीर देकर शरारती तत्वों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। तहसील के ग्राम मनुपुरा बिजौरी में स्थित पार्क में संविधान निमार्ता डा. भीमराव अंबेडकर का बोर्ड स्थापित है। बोर्ड पर डा. भीमराव अम्बेडकर का फोटो लगा हुआ है।
मंगलवार को सुबह ग्रामीणों ने देखा कि बोर्ड पर बने डा. भीमराव अंबेडकर के फोटो पर किन्हीं शरारती तत्वों ने स्याही पोत दी है। घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह एडवोकेट ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी।
जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने इस मामले में ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस व ग्रामीणों का मानना है कि किसी शरारती तत्वों ने फोटो पर स्याही पोत कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। ग्राम वासियों महेन्द्र कुमार, उदल सिंह, गोविंद सिंह, चन्द्र प्रकाश, लाखन, धर्मेन्द्र, सतेन्द्र सिंह आदि ने रोष जताते हुए थाने में तहरीर दी। समाज के लोगों ने भावनाओं को ठेस पहुंचाने तथा धार्मिक उन्माद फैलाने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह एडवोकेट ने बताया कि शरारती तत्वों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि इस मामले में कुछ लोगों से शक के आधार पर पूछताछ की गई है। वहीं बोर्ड पर पोती गई स्याही को साफ करा दिया है। पुलिस छानबीन में जुटी है। स्थिति सामान्य है।

