जनवाणी संवाददाता |
सरसावा: पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुठभेड़ के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों को पकड़ा। पकड़े गए बदमाशों ने शनिवार की देर शाम हथियारों के बल पर ग्राम ढिक्का कला निवासी माइक्रो फाइनेंस कंपनी कर्मचारी से लूट की थी।
पुलिस ने पकड़े गए बदमाशो के कब्जे से लूटा गया लेपटॉप,चार हजार रुपये, एक मस्कट 315 बोर, दो जिंदा कारतूस 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक चाकू सहित एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की।
पुलिस ने बताया कि ग्राम ढिक्का कला निवासी रविन्द्र पुत्र काम सिंह माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्य करता है। शनिवार की शाम करीब साढ़े तीन बजे जब वह ग्राम कुतुबपुर से अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पुलिया के समीप पहुचा वहां पहले से ही घात लगाए खड़े तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर फाइनेंस कर्मचारी का लेपटॉप, नगदी आदि लूट लिए थे।
फाइनेंस कर्मचारी से हुई लूट के बाद पुलिस लगातार बदमाशो को पकड़ने के लिए चेकिंग कर रही थी कि इसी दौरान पुलिस को रविवार सुबह करीब 9 बजकर 45 मिनट पर मुखबीर द्वारा सूचना मिली कि दो बदमाश बाइक पर सवार होकर शाहजहापुर से नकुड़ की ओर जा रहे हैं तभी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने उपनिरीक्षक नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल बालेन्द्र, कांस्टेबल कपिल कुमार व कांस्टेबल कपिल को साथ ले बदमाशो को पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस ने बदमाशों को आता देख उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाश पुलिस को देख भागने लगे कुछ ही दूरी पर बदमाशों की बाइक फिसल जाने से बदमाश सड़क पर गिर गए तभी पुलिस ने बदमाशों को चारों ओर से घेर लिया।अपने आप को घिरता देख बदमाशो ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिए जवाबी कार्रवाही के बाद पुलिस ने दोनों बदमाशो को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने फाइनेंस कर्मचारी से की गई लूट को कबूल कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटा गया लेपटॉप, एक फिंगर प्रिंट डिवाइस,एक चैक बुक, एक आधार कार्ड, एक कैलकुलेटर, दो सफेद धातु के सिक्के, चार हजार रुपये, एक मस्कट 315 बोर, दो जिंदा कारतूस 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक चाकू सहित एक काले रंग की स्प्लेंडर बाइक बरामद की। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बदमाशो ने अपने नाम आकाश पुत्र सतीश व उज्ज्वल राणा पुत्र सुखबीर राणा निवासी ग्राम मण्डावली खादर थाना रतनपुरी जिला मुजफ्फरनगर बताया।

