नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। भारत के हैदराबाद में आज यानी 31 मई को 72वें मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जा रहा है। हाईटेक एग्ज़िबिशन सेंटर में हो रहे इस आयोजन के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। यह पहला मौका है जब भारत इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। इस ग्रैंड इवेंट की मेजबानी करेंगी मिस वर्ल्ड 2016 स्टेफनी डेल वैले, जिनके साथ मंच साझा करेंगे मशहूर भारतीय होस्ट सचिन कुंभार। इवेंट में ग्लैमर का तड़का लगाएंगे बॉलीवुड के लोकप्रिय सितारे जैकलीन फर्नांडीज़ और ईशान खट्टर, जो अपने शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का मन मोह लेंगे। प्रतियोगिता में 100 से अधिक देशों की सुंदरियाँ हिस्सा ले रही हैं। विजेता को ताज पहनाने के साथ ही दुनिया की अगली मिस वर्ल्ड की घोषणा की जाएगी।
ईशान-जैकलीन देंगे परफॉर्मेंस
मिस वर्ल्ड 2025 के फाइनल में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज और अभिनेता ईशान खट्टर बॉलीवुड का तड़का लगाएंगे। दोनों स्टार्स की लाइव परफॉर्मेंस होगी। इसके अलावा सितारों से सजी इस शाम में मिस वर्ल्ड 2017 और बॉलीवुड अभिनेत्री मानुषी छिल्लर भी विशेष रूप से शामिल होंगी।
फाइनल इवेंट में इतने लोगों के शामिल होने की उम्मीद
तेलंगाना की संस्कृति-विरासत को दिखाने वाला और 108 पार्टिसिपेंट्स वाला मिस वर्ल्ड 2025 का सफर अब अपने मुकाम तक पहुंचने वाला है। फाइनल इवेंट में लगभग 3500 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। जिसमें मुख्यमंत्री समेत कई चीफ गेस्ट के भी पहुंचने की उम्मीद है।
सोनू सूद को ह्यू मैनिटेरियन अवार्ड से करेंगी सम्मानित
इस दौरान अभिनेता सोनू सूद को मिस वर्ल्ड ह्यू मैनिटेरियन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। वह जजों के पैनल में भी शामिल होंगे, जिसमें ब्यूटी विद अ पर्पस गाला डिनर की मेजबानी करने वाली सोशल वर्कर सुधा रेड्डी और मिस इंग्लैंड 2014 डॉ. कैरीना टरेल शामिल हैं। मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन की चेयरपर्सन और सीईओ जूलिया मोर्ले जूरी की अध्यक्षता करेंगी और विनर की घोषणा करेंगी।

