जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: सहारनपुर देहात से विधायक एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आशु मलिक ने चौबारा क्षेत्र में जमीअत हिमायतुल इस्लाम द्वारा संचालित जे.एच.आई. अंग्रेजी एकेडमी का दौरा किया और संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान उन्होंने जमीअत हिमायतुल इस्लाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष क़ारी अबरार जमाल से मुलाकात कर एकेडमी की स्थापना पर मुबारकबाद दी और कहा कि इस तरह की शिक्षण संस्थाएं बच्चों को बेहतर भविष्य देने में अहम भूमिका निभाती हैं।
विधायक ने कहा कि एकेडमी द्वारा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की पहल सराहनीय है और उम्मीद जताई कि संस्था आगे भी बच्चों को आधुनिक व बेहतर शिक्षा प्रदान करती रहेगी। उन्होंने शिक्षा के विकास के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की। इस मौके पर संस्था से जुड़े पदाधिकारी, शिक्षकगण, क्षेत्र के गणमान्य लोग और हाफिज ओवेस, हैदर मलिक, अहमद मलिक, परवेज़ इब्राहिम और मोहसिन मलिक सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

