जनवाणी संवाददाता |
नई दिल्ली: पंजाब के पटियाला जिले के सनौर हलके से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा दुष्कर्म के मामले में आरोपी हैं और अब वह देश छोड़कर ऑस्ट्रेलिया भाग चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, पठानमाजरा बीते कुछ दिनों से पुलिस की पकड़ से बाहर थे और अब उनके ऑस्ट्रेलिया पहुंचने की पुष्टि हुई है।
ऑस्ट्रेलिया में पठानमाजरा ने एक इंटरव्यू दिया, जो सोशल मीडिया पर सात नवंबर को अपलोड किया गया है। इसमें पठानमाजरा ने उन पर दर्ज केस को झूठा बताते हुए भगवंत मान सरकार पर जमकर हमला बोला है।
दरअसल, पठानमाजरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का पंजाब के मुद्दों पर कोई लेना-देना नहीं है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल जो कहते हैं मान वही करते हैं। सरकार में विधायकों की कोई औकात नहीं है। उनकी आवाज को दबाने के लिए सरकार ने यह सब किया है।
लगभग दो महीने से गायब है पठानमाजरा
सनौर हलके से आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा लगभग दो महीने से गायब है। पंजाब पुलिस उनको ढूंढ रही है। पठानमाजरा के खिलाफ दो महीने पहले पटियाला के थाना सिविल लाइन में दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था। मामले में जब पटियाला पुलिस की टीम विधायक को गिरफ्तार करने हरियाणा के करनाल के गांव डबरी पहुंची थी। वहां से पठानमाजरा पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता पर नहीं पड़ेगा कोई प्रभाव
पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट के सीनियर वकील ने कहा कि इस मामले में पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। क्योंकि उन्हें इन मामलों में कोई सजा नहीं हुई है। सजा होने के बाद उनकी सदस्या जाएगी। दूसरी ओर पंजाब पुलिस अब पठानमाजरा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाएगी।

