जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: हरिद्वार जिले के मंगलौर थाना क्षेत्र के नारसन के पास ईको कार सवार युवकों ने महिला बाइकर्स से छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उत्तराखंड पुलिस ने मेरठ पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों की जानकारी जुटाई और मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपी निखिल, राहुल, देवेंद्र को पकड़ लिया गया। घटना में शामिल दो आरोपी अब भी फरार है। एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि उत्तराखंड के नारसन के पास महिला बाइकर्स जा रही थी। उनसे आगे चल रही ईको सवार गाड़ी में बिना कपड़े के सवार युवकों ने महिला बाइकर्स पर अश्लील टिप्पणी व अश्लील इशारे किए। महिला ने घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। उत्तराखंड पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर मेरठ पुलिस से संपर्क साधा। अधिकारियों के आदेश पर पल्लवपुरम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। गाड़ी मालिक पल्लवपुरम फेज दो डबल स्टोरी निवासी देवेंद्र, राहुल व सोफीपुर निवासी निखिल को पल्लवपुरम फेज दो स्थित बिजलीघर के पास से पकड़ लिया। जबकि, टीपीनगर निवासी अक्षय और सिवाया निवासी प्रवेश अब भी फरार है। उनकी तलाश में भी पुलिस दबिश दे रही है। पकड़े गए तीनों आरोपियों ने पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगी। पुलिस ने तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।
दलित युवक से मारपीट का वीडियो वायरल
हस्तिनापुर (जनवाणी): मंगलवार को दलित ट्रैक्टर चालक से बेरहमी से मारपीट कर पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का वीडियो वायरल हुआ। रामराज-मखदूमपुर मार्ग के भड़ाना फार्म के वायरल वीडियो में दबंग युवकों ने दलित ट्रैक्टर चालक से मारपीट की। कस्बे की भीम नगर कॉलोनी निवासी पीड़ित ट्रैक्टर चालक ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वीडियो में मारपीट कर रहे लोगों से तेल चोरी को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद माखननगर निवासी अंकित पुत्र सुदेश और टिंकू पुत्र अज्ञात ने साथियों के साथ मिलकर मारपीट करते हुए वीडियो बनाया। उक्त लोगों ने पुलिस से शिकायत करने पर पीड़ित को परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मंगलवार को दो नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। घटना के संबंध में थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित दलित युवक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अंकित और टिंकू दोनों हमलावरों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
ई-रिक्शा की साइड लगने पर कार चालक ने बालक को पीटा
लोहिया नगर मोबिन नगर में ई-रिक्शा में साइड लगे को लेकर कार सवार युवकों ने नाबालिक बालक को बेहरमी से पीटा दुकान में तोड़फोड़ हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा बूझकर शांत कराया। दोनों पक्ष के लोगों को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। लोहियानगर थाना क्षेत्र के मोबिन नगर निवासी बबान ने घर के पास ही टेंट की दुकान खोल रखी है। बबान ने बताया सोमवार की देर रात्रि 12 वर्षीय बेटा रिहान ई रिक्शा में टेंट का सामान लेकर दुकान पर आ रहा था। रास्ते में स्विफ्ट डिजायर कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। पीड़ित का आरोप है कि कर सवार दबंग ने बालक को रोड पर बेहरमी से पीटा। राहगीरों ने दोनों पक्षों के लोगों को शांत करा कर वापसी भेज दिया। कुछ देर के बाद आधा दर्जन कार सवार दबंगों ने दुकान पर पहुंच कर दुकान में घुसकर मारपीट कर दी। इस पर वहां जमा हुई भीड़ ने कार सवार दबंग को दौड़ाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामा की सूचना पाकर मौके पर पहुंची। पुलिस में मामले की जानकारी की। पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया और थाने ले आए। पीड़ित ने अज्ञात कार सवार युवकों के खिलाफ तहरीर है। लोहिया नगर प्रभारी योगेश चांद का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
छात्रा से एसपी आवास के पास मोबाइल लूटने वाला गिरफ्तार
मेरठ (जनवाणी): मेरठ कालेज के समीप एसपी देहात आवास के सामने छात्रा से सरेआम मोबाइल लूटकर भागने वाले आरोपी को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से छात्रा का लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। सोमवार को कचहरी के पास साइबर कैफे पर आॅनलाइन फॉर्म भरने के बाद पैदल मवाना बस स्टैंड की ओर जा रही भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव स्याल निवासी छात्रा खुशी विधुड़ी से बाइक सवार बदमाश ने एसपी देहात आवास के पास उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। एसपी आवास के पास छात्रा का दिनदहाड़े मोबाइल लूटने से हड़कंप मच गया था। इसके बाद छात्रा ने सिविल लाइन थाने अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सिविल लाइन थाना प्रभारी सतवीर सिंह अत्री ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरे की शिनाख्त फिरोज पुत्र इलियास निवासी ग्राम खड़ौली, थाना कंकरखेड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त प्लेटीना मोटरसाइकिल तथा छात्रा से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।

