जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, और इसके साथ ही उत्तर भारत में मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, गुजरात और पूर्वी भारत के कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में भारी बारिश, येलो अलर्ट
मंगलवार, 24 जून को दिल्ली में प्री-मानसून की बारिश के बाद अब मानसून के आधिकारिक प्रवेश की पुष्टि की जा रही है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। बारिश से राजधानी का तापमान कुछ हद तक गिरा है, जिससे गर्मी से राहत मिली है।
उत्तर प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। 24 जून को 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें शामिल हैं लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, आगरा, बांदा, जालौन, झांसी, ललितपुर आदि। वहीं, लखनऊ में भी मंगलवार को बारिश की संभावना है। बता दें कि, बीते सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33.6°C और न्यूनतम 28°C दर्ज किया गया।
कल से यूपी में भारी बारिश की संभावना
बताया जा रहा है कि, 26 जून से पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, और 29 जून तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके अलावा बिजली गिरने और बादल गरजने का भी खतरा बना हुआ है।
गुजरात और बंगाल की खाड़ी में मौसम प्रणाली सक्रिय
गुजरात में भारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन और जलभराव से जन-जीवन प्रभावित हुआ है। जिससे ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवाती सिस्टम बनने की संभावना है। 25 जून को साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हो सकता है, जो अगले 48 घंटे असरदार रहेगा। यह सिस्टम मानसून को और ताकत देगा, जिससे कृषि के लिहाज से अच्छी बारिश की संभावना बनी है।

