- बेटा और बहू आईआईएमटी गंगानगर में हैं प्रोफेसर, जांच में जुटी गंगानगर पुलिस
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गंगानगर थाना के डिवाइडर रोड स्थित मनाच अपार्टमेंट में रहने वाले बनारस विश्वविद्यालय से रिटायर्ड डीन महेन्द्र दास की मौत हत्या, हादसा या आत्महत्या की थ्योरी में उलझ गयी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे गंगानगर इलाके के अलावा आईआईएमटी के स्टाफ में भी हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल, मृतक के बेटे और बहू आईआईएमटी में प्रोफेसर हैं।
ये है पूरा मामला
गंगानगर के डिवाइडर रोड स्थित मनाच अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर महेन्द्र दास का परिवार रहता था। 65 वर्षीय महेन्द्र दास बनारस विश्वविद्यालय में सालों डीन रहे हैं। सोमवार दोपहर महेन्द्र दास का लहूलुहान शव मनाच अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर के कैंपस में पड़ा मिला। उनका लहूलुहान शव देखकर अपार्टमेंट में हड़कंच मचा। बताया जाता है कि किसी महिला ने सबसे पहले यह महेन्द्र दास का लहूलुहान शव देखा तो उसकी चीख निकल गयी।
चीख सुनकर अपार्टमेंट का गार्ड उस ओर दौड़ा। तब तक गार्ड की नजर भी महेन्द्र दास की लाश पर पड़ चुकी थी। तब तक अपार्टमेंट के फ्लेटों से अन्य लोग भी बाहर निकल आए थे। केवल अपार्टमेंट ही नहीं बल्कि पूरे गंगानगर में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। चंद मिनटों में ही पुलिस भी वहां पहुंच गयी। पुलिस ने सबसे पहले शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।
महेन्द्र दास के अपार्टमेंट से गिरने की खबर मिलते ही उनका बेटा विजय प्रकाश बदहवास हालत में वहां पहुंचा। वह कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं लग रहा था। उसको समझ नहीं आ रहा था कि यह सब कैसे हो गया। विजय प्रकाश के अलावा उनकी पत्नी भी आईआईएमटी में प्रोफेसर हैं। बकौल पुलिस विजय प्रकाश ने बताया कि उसके पिता की दिमागी हालत कुछ ठीक नहीं थी, लेकिन ऐसा हो जाएगा उसने कभी सोचा नहीं था। महेन्द्र दास की दर्दनाक मौत को लेकर अपार्टमेंट और आसपास जितने मुंह उतनी बातें सुनने में आ रही हैं।
कुछ तो यहां तक कह रहे हैं कि हो सकता है कि किसी आउटर ने महेन्द्र दास की हत्या कर दी हो, जबकि परिवार व अपार्टमेंट के लोगों का मानना है कि यह एक हादसा है इससे ज्यादा कुछ भी नहीं। माना जा रहा है कि उनका पांव फिसल गया और वह गिर पडेÞ। लोहे के रेलिंग से सिर टकराने से उनकी मौत हो गयी। वहीं दूसरी ओर यह भी आशंका है कि मानसिक रोगी होने के चलते अवसाद में उन्होंने जान दे दी।

पुलिस ने बामुश्किल तैयार किया पोस्टमार्टम को
महेन्द्रनाथ के शव को पोस्टमार्टम कराने से उनके पुत्र विजय प्रकाश व पत्नी संगीता ने पुलिस इंकार कर दिया था। पुलिस वालों को इसके लिए उन्हें मनाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, दूसरी ओर पोस्टमार्टम के बाद उनका शव बनारस लेकर जाएंगे। वहीं पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
- महेन्द्र दास के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। -कुलदीप सिंह, इंस्पेक्टर गंगानगर
ई-रिक्शा मिस्त्री ने की फांसी लगाकर आत्महत्या
दौराला: थाने के सामने किराये पर कमरा लेकर रह रहे ई-रिक्शा मिस्त्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मुजफ्फरनगर जिले के खतौली थाना क्षेत्र की देवीदास कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय राजेंद्र पुत्र रमेश दौराला निवासी धीरेन्द्र भारद्वाज के पास दुकान पर रहकर ई-रिक्शा ठीक करने का कार्य करता था। धीरेंद्र ने बताया कि राजेंद्र उसके कमरे पर थाने के सामने किराये पर रहता था। रविवार को दुकान पर काम करने के बाद राजेंद्र कमरे पर चला गया। सोमवार सुबह राजेंद्र के दुकान न पहुंचने पर धीरेंद्र कमरे पर पहुंचा।
कमरा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने व दरवाजा खटखटाने के बाद भी कमरा नहीं खुला तो उसे शक हुआ, जिस पर धीरेंद्र ने आसपास को लोगों व पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो मिस्त्री का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के परिजनों को फोन पर सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी मिलने पर थाने पहुंचे मृतक के चचेरे भाइयों ऋषभ सैनी, मोहित ने पुलिस से मृतक का मोबाइल बरामद करने की मांग की। मृतक के चचेरे भाइयों ने बताया की राजेंद्र तीन बहनों सलोनी, बल्लो, सुक्की का इकलौता भाई था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अपनी ओर से जांच में जुटी है।
छत से गिरकर युवक की मौत
लावड़: कस्बे के समसपुर रोड पर सोमवार शाम युवक छत से अचानक गिर गया। अजय उर्फ विक्की (24) पुत्र मलखान शराब का आदी था। अजय शराब पीकर छत पर जा रहा था। इस दौरान उसका पैर फिसलने गया और गिरकर मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार में पांच-भाई और एक बहन रहते है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी।
निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल से गिरा मजदूर
कंकरखेड़ा: मंगलपुरी में सोमवार को निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल से एक मजदूर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। लाला मोहम्मदपुर गांव निवासी हनी पुत्र मनोज मकान में सेटरिंग लगाने का काम करता है। सोमवार को हनी मंगलपुरी में एक मकान पर सेटरिंग लगाने के लिए आया था। इस दौरान हनी तीसरी मंजिल पर सेटरिंग लग रहा था। इसी बीच तीसरी मंजिल से एक पिलर अचानक से गिर गया।
इसके बाद युवक का पैर सीढ़ी से फिसल गया। जिसके बाद युवक तीसरी मंजिल से नीचे सड़क पर जा गिरा। वहीं युवक के ऊपर सेटरिंग का सामान भी गिर गया। सेटरिंग का सामान गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक लहूलुहान हो गया। शोर शराबे की आवाज सुनकर मकान मालिक व आसपास के लोग मौके पर दौड़े। युवक को जमीन पर देख लोगों की सांस रुक गई।
सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल युवक को लेकर अस्पताल दौड़। जहां चिकित्सकों ने बताया कि युवक के हाथ व पैर की हड्डी टूट गई है। वही सिर पर भी गंभीर चोटें लगी है। थाना प्रभारी विष्णु कौशिक का कहना है कि तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
चौपाल का छज्जा गिरने से घायल की उपचार के दौरान मौत
बहसूमा: क्षेत्र के गांव मौड़खुर्द में बनी चौपाल पर शासन द्वारा कार्य कराया गया था। जिसमें ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री लगाने पर शनिवार की दोपहर बराबर में निकला छज्जा टूट गया था। जिसमें मौड़खुर्द निवासी कुलदीप उसकी चपेट आने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए थे। उन्होंने गाड़ी में ले जाते हुए उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह कुलदीप की मौत हो गई।
जिससे परिवार में कोहराम मच गया। गांव के ही श्मशान घाट में कुलदीप का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री लगाई गई है। प्रशासन ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करे। ग्राम प्रधान इंतजार देशवाल का कहना है कि चौपाल का छज्जा गिर गया है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी है।
खेड़ा में छत से गिरकर युवक की मौत
सरधना: क्षेत्र के एक गांव में युवक अचानक छत से नीचे गिर गई। हादसे में सिर में चोट लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी 27 वर्षीय भानू पुत्र सोमपाल परिवार के साथ खेती में हाथ बटाता था। तीन दिन पूर्व अपने मकान की छत पर टहल रहा था। तभी अचानक से पैर फिसलने के कारण वह नीचे आ गिरा।
उसके सिर में चोट ली। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में युवक को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे गाजियाबाद रेफर कर दिया। रविवार को उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। शाम को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में जवान युवक की मौत से ग्रामीणों में शोक का माहौल है।

