- सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने परिवहन मंत्री दयाशंकर से लखनऊ में की मुलाकात
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: जिला मुख्यालय पर बस अड्डे के निर्माण की लगातार मांग चल रही है। सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से लखनऊ में मुलाकात कर बस अड्डे के निर्माण को जल्द कराने की मांग की है। जिस पर परिवहन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कराने के निर्देश दिए।
बागपत जिला मुख्यालय पर बस अड्डे का निर्माण नहीं हुआ है।
वर्ष 1997 में जिला घोषित होने से आज तक लगातार इसकी मांग उठाई जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बागपत जिला मुख्यालय पर बस अड्डे की घोषणा की थी। जिसके बाद दुड़भा गांव में बस अड्डे के निर्माण को मंजूरी मिली थी, परंतु वहां भी आज तक काम शुरू नहीं हुआ है। हालांकि दुड़भा में बस अड्डे के निर्माण से जिला मुख्यालय के लोगों को कोई फायदा नहीं है। अब फिर से इसके निर्माण की मांग लगातार उठाई जा रही है।
बागपत लोकसभा क्षेत्र से सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने लखनऊ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात की और बागपत जिला मुख्यालय पर बस अड्डे के निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि बस अड्डा न होने से यहां सड़कों पर ही बसों को खड़ा करना पड़ता है। जिससे यहां यात्रियों को भी भारी परेशानी रहती है और आवागमन में भी दिक्कत होती है।
जिला मुख्यालय पर बस अड्डा होने से यहां के लोगों को काफी राहत मिलेगी। बसें अड्डे के अंदर खड़ी होगी तो यातायात भी बाधित नहीं होगा। परिवहन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इसकी प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही आश्वासन दिया कि जल्द ही इसका निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।

