जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: चौधरी चरण सिंह विवि से संचालित एमफिल कोर्स वैसे तो बंद कर दिया गया है, लेकिन सत्र 2018-19 के भूतपूर्व एवं बैक पेपर परीक्षा के फार्म छात्र-छात्राओं के लिए विवि की वेबसाइट पर जाकर भर सकते हैं, जिसका कार्यक्रम विवि की ओर से जारी कर दिया गया है।
विवि कार्यक्रम के अनुसार छात्र-छात्राएं एमफिल बैक पेपर परीक्षा फार्म विवि की वेबसाइट www.ccsunivarsity.ac.in पर जाकर 13 सितंबर से भर सकते है। छात्र सबसे पहले विवि की वेबसाइट पर जाकर फार्म खोलेंगे।
परीक्षा शुल्क आनलाइन ही लिया जाएगा। किसी प्रकार का ड्राफ्ट स्वीकार नहीं किया जाएगा। शुल्क की प्रति परीक्षा फार्म के साथ संलग्न करनी होगी। फार्म कोरोना के चलते केवल आनलाइन ही भरे जाएंगे।
फार्म के साथ लगाए जाने वाले संलग्नकों में दाहिनी ओर शीर्ष पर अपना अनुक्रमांक छात्र को अवश्य अंकित करना होगा। फार्म 13 सितंबर से भरे जाएंगे। 19 सितंबर फार्म भरने की अंतिम तिथि है। भरे गए फार्म को संबंधित महाविद्यालयों में 21 सितंबर तक जमा कर सकते है। वहीं 22 सितंबर विवि में फार्म जमा करने की अंतिम तिथि है।

