- 20 राज्यों के 1300 खिलाड़ियों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
जनवाणी संवाददाता |
शामली: महाराष्ट्र के पुणे में बॉलीवुड स्पोर्टस स्टेडियम में 27 से 31 दिसंबर तक नेशनल किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें देशभर के 20 राज्यों के करीब 1300 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
शामली जनपद से भी किक बॉक्सरों ने नेशनल प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। जिसमें 42 किलोग्राम भार वर्ग आर्यन शर्मा और 47 किलोग्राम भार वर्ग में प्रिंस ने स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। वहीं सीनियर महिला वर्ग में कादम्बरी ने दो अलग-अलग इवेंट में द्वितीय स्थान प्राप्त कर दो सिल्वर मेडल जीतकर शामली जिले का नाम रोशन किया है।
पदक जीतकर शामली लौटे किक बॉक्सरों का स्वागत सम्मान किया गया। शामली टीम के कोच सुशील कौशिक, सोनू सैनी व नीरज सैनी ने खिलाड़ियों का स्वागत करते उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

