जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड की सलामी ली। परेड का संचालन क्षेत्राधिकारी लाइन राजू कुमार साव ने किया। इस अवसर पर पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस तथा एकरूपता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
परेड में उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ लगवाई गई। टोलीवार पुलिसकर्मियों का टर्न आउट भी चेक किया गया। शस्त्रों के संचालन और उचित रख-रखाव के लिए अभ्यास कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। परेड के बाद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभी शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए संचालित भोजनालय का निरीक्षण किया, जिसकी साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। भंडार-गृह का भी निरीक्षण करते हुए मेन्यू के अनुसार प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया गया। प्रशिक्षु आरक्षियों के लिए बनाए गए नए डाइनिंग हॉल में उन्होंने अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ भोजन कर मेस में बन रहे खाने की गुणवत्ता की जांच की।
वर्मा ने पुलिस लाइन स्थित बैरकों का भी निरीक्षण किया, जहां रहने वाले पुलिसकर्मियों से उनकी कुशलता पूछी और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधितों को निर्देश दिए गए। बैरक में रहने वाले पुलिसकर्मियों को बैरक व आसपास साफ-सफाई रखने के लिए भी कहा गया।
इसके अतिरिक्त, मोटर परिवहन शाखा का निरीक्षण हुआ, जहां वाहनों के रखरखाव, साफ-सफाई और रजिस्टरों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने शौचालय और बारबर शॉप का निरीक्षण कर साफ-सफाई परखी। पुलिस कैफे का भी निरीक्षण किया गया और कैफे में बनने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता उच्च-कोटि की रखने के लिए निर्देशित किया गया। पुलिस लाइन स्थित लाइब्रेरी और कैंटीन का भी निरीक्षण हुआ। डायल-112 पीआरवी वाहनों का निरीक्षण कर उनमें प्राथमिक चिकित्सा सहायता किट और अन्य उपकरणों की स्थिति जांची गई। घटनास्थल/क्राइम सीन को सुरक्षित रखने आदि के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षु आरक्षियों के लिए बने आवास, क्लासरूम, डाइनिंग हॉल, कार्यालय और शौचालय सहित अन्य सभी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया और संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के अंत में, संजय कुमार वर्मा ने आदेश कक्ष में अधिकारी/कर्मचारियों का अर्दली रूम लिया और रजिस्टर व अभिलेखों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी लाइन राजू कुमार साव, पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) मनोज कुमार, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।

