- सिख समुदाय ने गुरु साहिबान के प्रकाश पर्व निकाला नगर कीर्तन
- कीर्तन का शहर में जगह-जगह किया स्वागत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: श्री गुरु नानक देव जी की दूसरी पावन ज्योति श्री गुरु अंगद देवजी, पंचम ज्योति श्री गुरु अरजन देव जी तथा नवम ज्योति श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व को समर्पित एवं खालसा पंथ के प्रगट दिवस वैसाखी की खुशी में रविवार को सिख समुदाय ने केंद्रीय सिख संस्था श्री गुरु सिंह सभा थापर नगर के तत्वाधान में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन सवारी का भव्य नगर कीर्तन समूह गुरुद्वारा प्रबंध कमेटियों एवं सिख संस्थाओं के सहयोग से पंज पिआरों की निगरानी में निकाला गया।
जिसका संचालन अध्यक्ष रणजीत सिंह नंदा, हरमीत सिंह पसरीचा अध्यक्ष गुरुद्वारा देवपुरी, सभा महासचिव हरप्रीत सिंह, भूपिंद्र सिंह देवपुरी, निष्काम सेवक सुरिंद्र सिंह भाटीया कर रहे थे। नगर कीर्तन में सबसे आगे खालसायी नगाड़ा बजाया जा रहा था जो प्रतीक था गुरु साहिब की सवारी आने का, खालसायी वेशभूषा में गुरु के पंज सिख निशान साहिब (खालसायी ध्वज) लेकर चल रहे थे, गुरु की लाडली फौज निहंग सिहों के जत्थे उत्साहित मुद्रा में शोभा बड़ा रहे थे।

चार साहिबजादे शस्त्र विद्या दल के नवयुवक एवं बालक-बालिका शस्त्रों के हैरत अंगेज करतब दिखा रहे थे और विभिन्न बैंड शब्दों को धुनों में बजाते चल रहे थे। शबद-कीर्तन के पैथल व वाहनों में जत्थे शबद कीर्तन कर वातावरण को गुरुमय बनाते चल रहे थे। सेवक सिख धर्म के सेवा सिमरन सिद्धांत के दर्शन करा रहे थे। पंज पिआरे साहिबान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जो एक दर्शनीय सुंदर सजाये वाहन में सुशोभित थे की अगवानी कर रहे थे तथा मुख्य ग्रंथी ज्ञानी चरनप्रीत सिंह तथा ग्रंथी भाई किशन पाल सिंह चवर झुला रहे थे तथा प्रसाद वितरण की सेवा भी की जा रही थी।
उपाध्यक्ष रणजीत सिंह जस्सल ने श्रद्धा पुष्प भेंट करते हुए कहा कि गुरु अंगद देव जी महान समाज सुधारक थे, गुरु अजन देव जी शांति की मूर्ति थे तथा गुरु तेग बहादुर जी त्याग भावना से भरपुर थे। जस्सल ने आगे कहा कि गुरु गोबिंद सिंह ने बैसाखी के दिन खालसा पंथ की सृजना कर अत्याचार एवं अन्याय के विरुद्ध जूझने की शिक्षा दी।

नगर कीर्तन गुरुद्वारा भाई जोगा सिंह देवपूरी से प्रारंभ होकर, रेलवे रोड चौक, केसरगंज चौकी, जली कोठी चौराहा, रोडवेज के सामने, गुरुद्वारा माता सीता भैंसाली, सदर थाना, सदर बाजार, सदर घंटाघर, आबूलेन, बेगमपुल, खूनी पुल से होता हुआ गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा थापरनगर में संपन्न हुआ।
नगर कीर्तन का मार्ग में विभिन्न व्यापार संघों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, समाजिक, धार्मिक तथा राजनीतिक संगठनो ने स्वागती द्वार लगाकर जलपान से सेवा-स्वागत किया। नगर कीर्तन में सभा अध्यक्ष रणजीत सिंह नंदा, उपाध्यक्ष रणजीत सिंह जस्सल, महासचिव हरप्रीत सिंह, सचिव जसबीर सिंह खालसा, निष्काम सेवक सुरेंद्र सिंह भाटिया आदि मौजूद रहे।

