जनवाणी संवाददाता |
नगीना: प्रस्तावित कार्य योजना को पटल पर रखने की मांग को लेकर नगर पालिका बोर्ड की बैठक में जमकर हंगामा होने के बाद बोर्ड की बैठक स्थगित कर दी गई।
बुधवार को नगरपालिका के वाटर वर्क्स कार्यालय परिसर में चेयरपर्सन ताहिरा बेगम की अध्यक्षता व मुख्य लिपिक लाल बहादुर के संचालन में आहूत बैठक में कार्यवाही के दौरान नगर पालिका परिषद के 2 नामित सदस्यों प्रमोद चौहान व अजित अग्रवाल तथा द्वारा कूड़े दान सहित अन्य प्रस्तावित कार्य योजना की जानकारी पटल पर रखने की मांग की गई।

जिस पर बैठक में मौजूद अधिकारी प्रस्तावित कार्य योजना की जानकारी पटल पर रखने में बगले झांकते रहे। इसी बात को लेकर बोर्ड की बैठक में काफी देर तक जमकर हंगामा हुआ। बाद में कुछ वार्ड सदस्यों द्वारा कंबल वितरण करने की मांग उठाई जिसको लेकर उपजे विवाद में नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में काफी देर तक जमकर हंगामा हुआ।
देखते ही देखते अधिकांश सभासद अपनी कुर्सियों से उठकर पटल के सामने आ गए और एक दूसरे से भिड़ने को तैयार हो गए। बैठक में हंगामा बढ़ता देख नगर पालिका की चेयर पर्सन ताहिरा बेगम ने बोर्ड की बैठक अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी। नगर पालिका के मुख्य लिपिक लालबहादुर ने बताया कि हंगामे के कारण चेयरपर्सन द्वारा बोर्ड की बैठक अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई।
बैठक में खाद्य एवं सफाई निरीक्षक धीरज राय वर्मा के अतिरिक्त नामित सदस्य प्रमोद चौहान , अजीत अग्रवाल , संजय शर्मा, महावीर सिंह सैनी, शिव शंकर सक्सेना सहित बोर्ड के निर्वाचित सभासद डा. मोअज्जम रियाजी, गोपाल शर्मा, सद्दीक मुल्तानी सहित सभी सभासद व नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।

