जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी की विशेष मौजूदगी में प्रदान किया गया।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर नीरज सेना की वर्दी में नजर आए और उन्होंने देश की सेवा को एक नया आयाम देने की प्रतिबद्धता जाहिर की। यह उपाधि नीरज की खेल उपलब्धियों और राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट निष्ठा के प्रतीक के रूप में दी गई है।

सम्मान समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नीरज की प्रशंसा करते हुए कहा, “नीरज ने न केवल खेल के मैदान में भारत का परचम लहराया है, बल्कि आज वह सेना का हिस्सा बनकर युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं। यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।”
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भी नीरज को बधाई दी और कहा कि ऐसे युवा देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं जो खेल और सेवा दोनों में अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं।
नीरज चोपड़ा ने इस अवसर पर कहा, “भारतीय सेना का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात है। यह सम्मान मेरे जीवन का सबसे खास पल है। मैं इसे देश के हर युवा खिलाड़ी को समर्पित करता हूं।”
नीरज चोपड़ा इससे पहले भी भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में सुबेदार के पद पर कार्यरत रहे हैं। अब यह मानद लेफ्टिनेंट कर्नल का दर्जा उन्हें सैन्य और राष्ट्रीय प्रतिष्ठा दोनों ही स्तरों पर एक नई पहचान देता है।

