जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा की जमकर सराहना की। दरअसल, नीरज अहमदाबाद के संस्कारधाम स्कूल में बच्चों को जैवलिन सिखाते नजर आए।
ओलंपिक चैंपियन के इस कार्य को देख पीएम मोदी गदगद हो उठे। उन्होंने एक के बाद एक ट्वीट कर नीरज चोपड़ा की जमकर तारीफ की और इसे एक ‘खास क्षण’ बताया। प्रधानमंत्री ने नीरज का एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वो बच्चों को जैवलिन थ्रो के गुर सिखाते हुए नजर आ रहे हैं।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ‘युवा छात्रों के बीच जाने और उन्हें खेल और फिटनेस के लिए प्रेरित करने के लिए नीरज चोपड़ा द्वारा यह एक शानदार पहल है।
इस तरह के प्रयासों से खेल और अभ्यास के प्रति उत्सुकता बढ़ेगी।’ पीएम मोदी ने लिखा, यह वीडियो आपको खुश कर देगा। पीएम ने आगे कि आइए हम अपने युवाओं को खेल के मैदान पर शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते रहे।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 अगस्त को अपने आवास पर टोक्यो ओलंपियन के साथ मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने भारतीय ओलंपियन और पैरालंपियन से अपील की थी।
कि उनमें से प्रत्येक 2023 में स्वतंत्रता दिवस से पहले 75 स्कूलों का दौरा करें और कुपोषण के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और स्कूली बच्चों के साथ खेलें।

