- कर्फ्यू के दौरान पुलिस की सख्ती भी आ रही नजर
- बाजारों में उमड़ रही भारी भीड़ और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर लोग लापरवाह
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना संक्रमण के केसों में आयी तेजी के बाद नाइट कर्फ्यू तो लगा दिया है। कर्फ्यू के दौरान पुलिस की सख्ती भी खूब नजर आ रही है, लेकिन दिन में बाजारों में उमड़ रही भीड़ और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर लोगों की लापरवाही नाइट कर्फ्यू के दौरान किए जा रहे प्रयासों पर पानी फेरने पर तुली है।
दिन में बाजारों में भारी भीड़ नजर आती है। जब भीड़ है तो फिर सोशल डिस्टेंसिंग की बात करना ही बेमाने हैं। इस भीड़ में भी ज्यादातर लोग बगैर मास्क के नजर आते हैं। जिनके पास मास्क होते भी हैं वो बजाय चेहरा ढकने के मास्क को गले में हार की भांति डालकर घूमते देखे गए।

सदर बाजार
रविवार दोपहर एक बजे सदर काली माई मंदिर से लेकर शिव चौक बोम्बे बाजार तक जबरदस्त भीड़ थी। रविवार साप्ताहिक अवकाश के दिन लोग खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में सदर में आए हुए थे। व्यापारियों की यदि बात की जाए तो कई व्यापारिक प्रतिष्ठान ऐसे थे जहां मास्क लगाकर आने का स्टीकर तो लगा था, लेकिन इन प्रतिष्ठानों में काम करने वाले स्टॉफ के चेहरे से मास्क गायब था।
शहर घंटाघर-खैरनगर-बैली बाजार
दोपहर करीब दो बजे शहर घंटाघर खैरनगर पान दरिबा से लेकर जत्तीवाड़ा चौराहे तक भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक पर यहां से गुजरते हुए जाम के चलते कई बार रूकना पड़ा। खैरनगर दवा मार्केट में भीड़ की हालत यह थी कि खरीदार एक-दूसरे पर चढ़ने को तैयार थे। यहां ज्यादातर भीड़ मेडिकल स्टोर के दवा खरीदारों की थी। इसके अलावा इस तंग इलाके में ई-रिक्शाओं ने भी जाम लगाया हुआ था। कमोवेश वैली बाजार व कोटला का भी भीड़ के मामले में कुछ ऐसा ही हाल था।
लालकुर्ती पैंठ एरिया चार बजे
रविवार दोपहर बाद साप्ताहिक अवकाश के चलते सबसे ज्यादा भीड़ लालकुर्ती पैठ एरिया में नजर आयी। महानगर का शायद ही कोई ऐसा इलाका हो, जहां से लोग खरीदारी के लिए लालकुर्ती पैठ एरिया में न आते हों। यहां महिला खरीदार अधिक नजर आयीं, लेकिन सोशल डिस्टेसिंग या मास्क को लेकर कहीं कोई गंभीरता न तो व्यापारियों में न ही खरीदारों में दिखाई दी। यहां खाने पीने के सामान के ठेलों पर भी सोशल डिस्टेसिंग तार तार थी।

आबूलेन नो मास्क नो एंट्री साप्ताहिक अवकाश पर रहेगा बंद
कोरोना संक्रमण के केसों के चलते महानगर का दिल माना जाने वाला आबूलेन मार्केट साप्ताहिक बंदी के दिन सख्ती से बंद रखा जाएगा। आबूलेन व्यापार संघ के अध्यक्ष स. नरेन्द्र सिंह करनैल ने बताया कि केवल होटल व शराब की दुकान तथा कन्फेक्शनरी गाइड लाइन का पालन करते हुए खोली जाएंगी। जो प्रतिष्ठान खुलेंगे उनमें भी ग्राहकों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा।
स. नरेन्द्र सिंह ने बताया कि आबूलेन व्यापार संघ के सभी सदस्यों ने इसके लिए सहमति जता दी है। प्रशासन व पुलिस का पूरा सहयोग किया जाएगा। आबूलेन पर मास्क के बगैर नो एंट्री का ऐलान किया गया। कोतवाली खंदक बाजार हैंडलूम व्यापार संघ ने भी नो मास्क नो एंट्री का निर्णय लिया है। महामंत्री अंकुर गोयल ने बताया कि इस संबंध में सीओ कोतवाली के साथ एक मीटिंग हुई हैं। तय किया गया है कि बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए।
आज सोमवार को संपूर्ण बंद रहेगा सदर बाजार
कोरोना को लेकर प्रशासन की ओर से सख्ती बरती जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से सभी व्यापार संघों से अपनी साप्ताहिक बंदी करने के लिये कहा गया था। कोरोना के मामले में मेरठ में भी दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं। जिसे लेकर प्रशासन की ओर से अलर्ट कर दिया गया है। मेरठ में नाइट कर्फ्यू पहले ही लगाया जा चुका है।
रविवार को आये नये आदेश के तहत अब रात्रि कर्फ्यू रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से भी बाजारों की हालत देखते हुए सभी व्यापार संघों से सप्ताह में एक दिन प्रतिष्ठान बंद किये जाने की अपील की गई थी, जिसके बाद सदर व्यापार संघ ने सोमवार को संपूर्ण बाजार बंद करने का निर्णय लिया है। सदर व्यापार संघ के महामंत्री अमित बंसल ने बताया कि सदर के बाजार संपूर्ण रूप से बंद रहेगा।

