- सफाई कर्मचारियों पर कसी नकेल, सफाई करते हुए वीडियो और फोटोग्राफ भी भेजने के दिये निर्देश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: घर बैठकर ड्यूटी करने वाले सफाई नायकों व कर्मचारियों के दिन अब लद गये हैं। अब नये इंतजामों के तहत दस मिनट से ज्यादा समय देर से आने वालों की गैर हाजिरी लगेगी। लगातार चार दिन तक गैर हाजिर रहने वाले सफाई कर्मचारियों को नौकरी से बाहर निकाला जायेगा तथा काम करने वाले नये युवाओं को अवसर दिया जायेगा। सफाई करते हुए कर्मचारियों को बाकायदा वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी भेजनी होगी।
शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए शनिवार को नगर आयुक्त द्वारा नगर निगम के स्वास्थ्य, जलकल, निर्माण, गृहकर विभाग के अधिकारियों के कार्यो की समीक्षा की गयी। सर्वप्रथम स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त द्वारा प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा.हरपाल सिंह को निर्देशित किया गया कि वे यह सुनिश्चित करायें कि महानगर के समस्त मुख्य मार्गों पर प्रात: 5 बजे से 9 बजे तक प्रमुख सड़कों के डिवाइडर, सड़क की सफाई के साथ-साथ सड़कों के किनारे पड़ा कूड़ा पूर्णरूप से उठ जाये।
इसके अतिरिक्त सभी वार्डों में कार्यरत कर्मचारी नगर निगम लोगो अंकित जैकेट अनिवार्य रूप से पहनेंगे। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संबंधित कार्यरत कर्मचारी नगर निगम का है। इसके अतिरिक्त प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी व समस्त डिपो प्रभारियों को यह भी निर्देश दिये गये कि प्रत्येक वाहन डिपो प्रभारी व प्रोजेक्ट हेड यह सुनिश्चित करें कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ियॉ प्रत्येक दशा में प्रात: 6 बजे तक कार्य स्थलों पर पहुंच जायें तथा महानगर के समस्त ढलाव घर हर दशा में प्रात: 9 बजे तक उठ जाये।

उसके पश्चात् प्रत्येक ढलाव घर पर संबंधित सफाई निरीक्षक एक कर्मचारी को तैनात करेंगे। ताकि वह बाद में ढलाव घर पर कूड़ा डालने वाले लोगों से अनुरोध कर सके कि वह सांय पाली में शाम 4 बजे से 6 बजे के मध्य जब दोबारा ढलावघर उठाये जायेंगे तभी कूड़ा डालेंगे। इसके अतिरिक्त जेसीबी, मिनी पोर्कलेन व फांसी मशीन आदि लगाकर महानगर के प्रमुख नालों की फ्लोटिंग निकलवाई जाये तथा नालों से निकलने वाली सिल्ट का उठान रात्रि में 9 बजे के पश्चात किया जाये।
इसके उपरान्त जलकल विभाग व जल निगम के अभियन्ताओं को निर्देश दिये गये कि 15वें वित्त आयोग के अन्तर्गत स्वीकृत कार्यो की समिति के निर्णय अनुसार आईआईटी रूड़की या समकक्ष विभाग से वैट कराकर प्रत्येक दशा में मंगलवार तक कार्यो की निविदायें आमंत्रित कराना सुनिश्चित करें। आखिर में निर्माण विभाग के अभियन्ताओं को निर्देशित किया गया कि वह 15वें वित्त आयोग के अन्तर्गत समिति द्वारा स्वीकृत कार्यो की पीडब्ल्यूडी से वैट कराकर मंगलवार तक निविदायें आमंत्रित कराना सुनिश्चित करें।
ताकि कार्य शीघ्रता कराये जा सके। नगर आयुक्त द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा गया कि किसी भी स्तर पर कार्यो में शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी तथा लापरवाही पाये जाने पर संबंधित अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे। बैठक में गृहकर अधिकारियों को प्रत्येक दशा में कुल लक्ष्य का 75 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियनता मोहित कुमार, मुख्य अभियन्ता (निर्माण) देवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियन्ता अमित शर्मा, अधिशासी अभियन्ता/सहायक अभियन्ता राजवीर सिंह, सहायक अभियन्ता छोटे लाल, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह, मुख्य कर निर्धारण अािकारी अवधेश कुमार व कर निर्धारण अधिकारी, समस्त अवर अभियन्ता, समस्त डिपो प्रभारी व समस्त सफाई निरीक्षक उपस्थित थे।

