- महिलाओं के लिए डाक विभाग लाया नई योजना
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: अब डाकघर की निवेशक दीदी गांव की महिलाओं को निवेशक बनाने में मदद करेंगी। महिलाएं अपनी छोटी-छोटी बचत को कैसे निवेश करें यह जानकारी देंगी। डाक विभाग की इस योजना से जहां ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ेगी, वहीं डाक विभाग को भी इसका फायदा मिलेगा।
बता दें कि सरकार देश के आर्थिक विकास के साथ पूंजी निवेश करने वालों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास कर रही है। महिलाएं छोटी-छोटी बचत कर बड़ी राशि एकत्रित कर लेती हैं, लेकिन पूंजी निवेश नहीं होने से कारोबार की वृद्धि नहीं हो रही है। महिलाओं की आय भी नहीं बढ़ रही है। सरकार नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजना चला रही है। इसी के तहत महिलाओं को पूंजी निवेश करने के लिए प्रेरित करने की योजना तैयार की गई है।
इसके लिए डाकघर के साथ इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक को जिम्मेदारी सौंपी है। इसके लिए गांव के डाकघर पर निवेशक दीदी तैनात की जाएंगी, जो गांव की महिलाओं के बीच में जाकर उन्हें विभिन्न योजनाओं में छोटी-छोटी पूंजी निवेश करने की जानकारी देंगी। पूंजी निवेश करने में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक मदद करेगा।
आधार कार्ड बनवाने में भी मदद करेंगी निवेशक दीदी
सरकार का मानना है कि महिलाएं पुरुष के अपेक्षा महिलाओं के साथ छोटी-छोटी बात भी करना पसंद करती हैं और शंका होने पर सवाल करती हैं। उसके सही जवाब मिलने पर ही संतुष्ट होती है। महिला की बात पर महिलाएं विश्वास भी अधिक करती हैं। डाकघर ने पायलेट प्रोजेक्ट के तहत पिछड़े राज्यों में निवेशक दीदी तैनात की हैं, जो पूंजी निवेश करने के अलावा डाकघर के माध्यम से बच्चों का आधार कार्ड व अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगी।
महिलाओं को संगठित कर कुटीर उद्योग शुरू करने व सरकार की योजना के तहत ऋण लेने आदि की जानकारी भी देंंगी। प्रवर डाक अधीक्षक अनुराग निखारे ने बताया कि निवेशक दीदी योजना को कुछ क्षेत्रों में शुरू किया गया है। अभी इस क्षेत्र में शुरू नहीं किया गया है। इस योजना के बाद महिलाएं छोटी से छोटी राशि डाकघर जाम कर सकती हैं और उसका लाभ ले सकती हैं।

