जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: रमाला थाना क्षेत्र के किरठल गांव में प्रधानी के चुनाव की रंजिश को लेकर एक वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। वृद्ध अपने पुत्रों व परिवार के साथ खेत में गन्ने की बुग्गी भरने के लिए गया था। हत्यारे शायद उसकी तलाश में थे। हत्यारे गोली मारकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर रमाला पुलिस ने मामले की जानकारी ली। परिजनों ने धर्मेन्द्र किरठल समेत तीन लोगों को नामजद किया है।
घटना शनिवार सुबह की है। रमाला थाना क्षेत्र के किरठल निवासी किसान इरशाद पुत्र फखरुद्दीन (60) अपने बेटों सद्दाम, इखलाक व मेहंदी के साथ खेत में बुग्गी लेकर गन्ना भरने गया था। जब उन्होंने खेत में जाकर बुग्गी रोकी और गन्ना भरने के लिए तैयार हुए तभी ईख के खेत से निकले तीन-चार बदमाशों ने इरशाद को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। हत्यारे पहले इरशाद के पास आकर कुछ बात करने लगे तभी एक बदमाश ने इरशाद की छाती में गोली मार दी। हत्यारों के डर से मृतक के पुत्र जान बचाकर भाग लिए।

हत्यारे भी हवाई फायरिंग करते हुए खेतों से होकर फरार हो गए। मृतक के पुत्रों ने गांव में पहुंचकर अन्य परिजनों को जानकारी दी। खेत में काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना पर रमाला पुलिस के अलावा छपरौली पुलिस भी पहुंची। शव को कब्जे में ले लिया। सीओ बड़ौत भी घटना स्थल पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि वह गांव में ग्राम प्रधानी के चुनाव में दूसरे पक्ष के साथ थे। जबकि धर्मेंद्र पक्ष उन पर लगातार दबाव डाल रहा था। चुनावी रंजिश के कारण इरशाद की हत्या की गई। परिजनों ने हत्यारों की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने हत्यारों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गए थे।
पुलिस ने नामजद हत्यारों के परिजनों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बेटे सद्धाम ने रमाला थाने पर ग्राम प्रधान पति धर्मेन्द्र किरठल पुत्र रामपाल निवासी किरठल, सतेन्द्र मुखिया पुत्र रामदास निवासी सून्हेड़ा व सुभाष उर्फ छोटू निवासी सिसौली जिला मुजफ्फरनगर व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। हत्या का कारण गत प्रधानी चुनाव में धर्मेन्द्र किरठल के खिलाफ होना बताया जा रहा है।

