- जिला अस्पताल में नहीं मिले इंजेक्शन, एम्स में इंजेक्शन लगवाने की दी सलाह
- पूर्व पार्षद राजेश खन्ना ने नगर निगम से नौ आवारा कुत्तों को पकड़वाया
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: क्षेत्र की गली-मोहल्ले में आवारा कुत्तों का आतंक चरम पर है। मंगलवार सुबह वार्ड-23 में सुभाषपुरी चर्च के पास कुत्तों ने एक वृद्ध महिला पर हमला कर नोंच डाला। घायल महिला को निजी अस्पताल में दिखाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में पार्षद राजेश खन्ना ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को फोन कर टीम बुलवाई और क्षेत्र से नौ आवारा कुत्तों को पकड़वाया।

पूर्व पार्षद राजेश खन्ना ने बताया कि बादाम मंडी निवासी 75 वर्षीय कमला देवी पत्नी स्व. रामचंद्र घरों में खाना बनाने का काम करती है। मंगलवार सुबह कमला देवी खाना बनाने के लिए सुभाषपुरी जा रही थी। वहीं पर कुत्तों के एक झुंड ने वृद्ध महिला पर हमला बोलकर उसे नोंच डाला। लहूलुहान हालत में लोगों ने उसे कुत्तों से बचाया। जब इसकी सूचना पूर्व पार्षद राजेश खन्ना को दी गई तो उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को फोन कर टीम बुलाई।
नगर निगम की टीम ने गलियों से नौ आवारा कुत्तों को पकड़ा और गाड़ी में भरकर ले गए। वहीं, घायल वृद्ध महिला को निजी अस्पताल में दिखाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पार्षद का कहना है कि जिला अस्पताल में इंजेक्शन नहीं मिले। चिकित्सकों का कहना था कि महिला को 11 हजार रुपये का इंजेक्शन लगेगा। जो दिल्ली बड़े अस्पताल में से मिलेगा। फिलहाल महिला अपने घर पहुंचकर उपचार करा रही है।

